
पटना(ए)। बिहार में इस साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने है। विधानसभा चुनाव को लेकर बयानबाजी का सिलसिला भी शुरू हो गया है। इसी बीच जन सुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। प्रशांत किशोर ने राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वे दिल्ली में बैठकर बिहारियों का मजाक उड़ाते हैं और फिर बिहार आकर ज्ञान बांटने की कोशिश करते हैं। प्रशांत किशोर ने राहुल गांधी को बिहार के किसी गांव में एक रात बिताने की चुनौती दी।
प्रशांत किशोर ने समाचार एजेंसी एएनआई को दिए इंटरव्यू में कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी बिहार आते-जाते रहते हैं, लेकिन वास्तव में कोई यात्रा नहीं करते। अगर राहुल गांधी ने कभी बिहार के किसी गांव में एक रात भी बिताई हो, तो मुझे बताएं। अगर वे किसी गांव में एक रात भी बिता सकें, तो हम इसे स्वीकार करेंगे। उन्होंने कहा कांग्रेस नेता राहुल गांधी दिल्ली में बैठकर बिहारियों पर हंसते हैं। फिर यहां हमें उपदेश देने आते हैं।
इंटरव्यू के दौरान प्रशांत किशोर ने तेलंगाना सीएम रेवंत रेड्डी पर भी निशाना साधा और माफी मांगने की मांग की। प्रशांत किशोर ने कहा कि तेलंगाना में रेवंत रेड्डी मुख्यमंत्री हैं। उन्हें मुख्यमंत्री बने दो साल हो गए हैं। उससे पहले वे टीडीपी में थे और उससे पहले वे आरएसएस और भाजपा में थे। मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने आधिकारिक तौर पर कहा कि मजदूरी करना बिहारियों के डीएनए में है। बिहारी लोग मजदूरी करने के लिए ही पैदा हुए हैं।
पीके ने कहा कि उन्होंने ऐसा क्यों कहा? क्योंकि उनके प्रतिद्वंद्वी केसीआर के अधिकांश अधिकारी बिहार की पृष्ठभूमि से थे। इसलिए उनका मतलब था कि तेलंगाना खराब स्थिति में है, क्योंकि बिहारी इसे चला रहे हैं।