
नईदिल्ली(ए)। रेल मंत्रालय ट्रेन नियंत्रकों के 60 प्रतिशत पदों को रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) द्वारा आयोजित सीधी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से भरेगा। मंत्रालय ने 25 जून को यह घोषणा की। मंत्रालय द्वारा घोषित सुधारों के अनुसार, नियंत्रण विभाग में 60 प्रतिशत रिक्तियां बोर्ड द्वारा सीधी भर्ती के जरिये स्नातक स्तर के अभ्यर्थियों से भरी जाएंगी। हालांकि यह परीक्षा किस स्वरूप में होगी और इसे क्या नाम दिया जाएगा, इस पर अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। रेलवे बोर्ड के सूचना एवं प्रचार निदेशक दिलीप कुमार ने बताया कि इन बिंदुओं पर सक्षम प्राधिकरण द्वारा जल्द निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने बताया चूंकि नियंत्रण विभाग में मौद्रिक लाभ ‘फीडर कैडर’ के बराबर या उससे अधिक नहीं थे, इसलिए चुने जाने वाले कर्मचारी विभाग में आने से इनकार कर देते थे।एक नियंत्रक ने बताया, नियंत्रण विभाग में प्रतिभाशाली कर्मचारियों की कमी का यह प्रमुख कारण है, जिसे भारतीय रेलवे का मस्तिष्क या तंत्रिका केंद्र माना जाता है। हालांकि, नए सुधारों के साथ अब अच्छे अभ्यर्थियों को सीधे यहां तैनात किया जाएगा और इससे ट्रेन संचालन में सुधार होगा। मंत्रालय के परिपत्र के अनुसार, शेष 40 प्रतिशत रिक्तियां सीमित विभागीय प्रतियोगी परीक्षा (एलडीसीई) या योग्यता आधारित पदोन्नति कोटा के माध्यम से पात्र अभ्यर्थियों की भर्ती की जाएंगी।