
नईदिल्ली(ए)। वायुसेना प्रमुख एपी सिंह ने शनिवार को कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद ऑपरेशन सिंदूर भारतीय वायुसेना के अद्वितीय पराक्रम का एक ताजा प्रमाण है। इस ऑपरेशन ने दुश्मन पर त्वरित, सटीक और निर्णायक प्रहार करने की भारतीय वायुसेना की क्षमता को प्रदर्शित किया है। हैदराबाद स्थित वायुसेना अकादमी में संयुक्त स्नातक परेड के दौरान एयर चीफ मार्शल सिंह ने कहा, ऑपरेशन सिंदूर ने सशस्त्र बलों के बीच असाधारण समन्वय, तालमेल और एकीकरण को प्रदर्शित किया है। ऑपरेशन सिंदूर वायुसेना के अद्वितीय पराक्रम का एक शानदार उदाहरण है। इसे भारतीय वायुसेना के भविष्य के रूप में आपको समझना होगा कि वायुसेना हमेशा से ही सबसे पहले प्रतिक्रिया देने वाली रही है और रहेगी। भारतीय नागरिकों की ओर से वायुसेना पर जताए गए विश्वास पर खरा उतरना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है और हमें इसके लिए तैयार रहना चाहिए। एयर चीफ मार्शल ने कहा कि वायुसेना तेजी से एक एयरोस्पेस बल के रूप में विकसित हो रही है। कई युवा अधिकारी अंतरिक्ष में राष्ट्र की अगुवाई करेंगे। इन चुनौतियों के लिए उन्हें अपने काम के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध, केंद्रित और जुनूनी बनना पड़ेगा। उन्होंने स्नातक अधिकारियों को स्वस्थ जीवन शैली के माध्यम से शारीरिक और मानसिक फिटनेस व व्यक्तित्व विकास पर ध्यान केंद्रित करने के लिए भी प्रेरित किया।