
तिरुवनंतपुरम(ए)। सबरीमाला मंदिर से जुड़े सोने की चोरी और प्लेट बदलने के मामला अब और तूल पकड़ता हुआ नजर आ रहा है। कारण है कि अब इस मामले में सोमवार को केरल हाईकोर्ट ने कहा कि सबरीमाला मंदिर में द्वारपालक (द्वारपाल देवता) और श्रीकोविल (गर्भगृह) के दरवाजों पर लगी सोने की परत वाली प्लेटों को हटाकर उनकी जगह तांबे की प्लेटों पर नई सोने की परत चढ़ाई गई, इस आशंका को अब वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट से मजबूती मिली है। यह टिप्पणी न्यायमूर्ति राजा विजयाराघवन वी और केवी जयकुमार की पीठ ने की। अदालत ने यह बात विशेष जांच दल (एसआईटी) की प्रगति रिपोर्ट और विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र (VSSC) की रासायनिक जांच रिपोर्ट देखने के बाद कही।
अब तक क्या सामने आया?
मामले में एसआईटी ने बताया कि इस पूरे मामले में मामले में अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। तीन और लोगों की भूमिका की जांच चल रही है। मामला मंदिर से सोने के गायब होने से जुड़ा है। बात अगर वैज्ञानिक रिपोर्ट की करें तो रिपोर्ट में क्या कहा गया है कि पुरानी सोने की प्लेटों में निकेल और ऐक्रेलिक परत नहीं थी। बाद में चढ़ाई गई प्लेटों में निकेल और ऐक्रेलिक परत पाई गई। इससे संकेत मिलता है कि पुरानी प्लेटें हटाकर नई प्लेटें लगाई गईं। कोर्ट ने कहा कि यह काम सोची-समझी और योजनाबद्ध तरीके से किया गया लगता है।
समझिए जांच क्यों अहम?
मामले में हाईकोर्ट ने कहा कि यह जांच रिपोर्ट गड़बड़ी का तरीका बताती है। सबूत जुटाने में मदद करती है। यह पता लगाने में सहायक है कि किसने फैसला लिया, किसकी जिम्मेदारी थी और क्या यह आपराधिक साजिश थी। कोर्ट ने 2017 में बदले गए कोडिमरम (ध्वज स्तंभ) का भी जिक्र किया। पुराने कोडिमरम पर लगे वाजिवाहनम में काफी सोना था, जिसे कथित तौर पर तंत्री कंदरारु राजीवरु को सौंपा गया था। इस मामले में तंत्री को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
हाईकोर्ट ने एसआईटी को दिए नए निर्देश
मामले में हाईकोर्ट ने एसआईटी को निर्देश दिए है कि VSSC के वैज्ञानिकों और तकनीकी विशेषज्ञों के बयान जल्द दर्ज किए जाएं। 2024-25 में हुई सोने की दोबारा प्लेटिंग की पूरी जांच हो। मंगलवार को एसआईटी मंदिर जाकर स्टोर रूम में रखे दरवाजों की नाप-जोख करे। कोर्ट ने जांच की संवेदनशीलता को देखते हुए कहा कि अभी और विवरण सार्वजनिक नहीं किए जाएंगे। मामले की अगली सुनवाई 9 फरवरी को होगी और तब तक SIT को विस्तृत रिपोर्ट दाखिल करनी होगी।