Home देश-दुनिया 5 देशों की यात्रा पर जाएंगे पीएम मोदी, ब्राजील में ब्रिक्स सम्मेलन में भी लेंगे हिस्सा, जानिए क्यों ऐतिहासिक है ये दौरा

5 देशों की यात्रा पर जाएंगे पीएम मोदी, ब्राजील में ब्रिक्स सम्मेलन में भी लेंगे हिस्सा, जानिए क्यों ऐतिहासिक है ये दौरा

by admin

नईदिल्ली(ए)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अगले महीने पांच देशों की यात्रा पर जाएंगे। आठ दिवसीय यात्रा के दौरान पीएम मोदी ब्राजील में 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के साथ ही घाना, त्रिनिदाद और टोबैगो, अर्जेंटीना और नामीबिया भी जाएंगे। यात्रा के पहले चरण में पीएम मोदी दो से तीन जुलाई तक घाना की यात्रा करेंगे। यह प्रधानमंत्री मोदी की घाना की पहली द्विपक्षीय यात्रा होगी। विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस यात्रा के दौरान पीएम मोदी घाना के राष्ट्रपति के साथ वार्ता करेंगे, जिसमें मजबूत द्विपक्षीय साझेदारी की समीक्षा की जाएगी।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस यात्रा के दौरान मोदी घाना के राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय साझेदारी की समीक्षा की जाएगी और आर्थिक, ऊर्जा और रक्षा सहयोग के माध्यम से इसे बढ़ाने के लिए आगे के अवसरों पर चर्चा की जाएगी। घाना से मोदी 3 से 4 जुलाई तक दो दिवसीय यात्रा पर त्रिनिदाद और टोबैगो जाएंगे। यह 1999 के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यात्रा होगी। यात्रा के दौरान मोदी त्रिनिदाद और टोबैगो की राष्ट्रपति क्रिस्टीन कार्ला कंगालू और प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर से बातचीत करेंगे।

मोदी अपनी यात्रा के तीसरे चरण में 4 से 5 जुलाई तक अर्जेंटीना का दौरा करेंगे। वहां वे रक्षा, कृषि, खनन, तेल और गैस, नवीकरणीय ऊर्जा, व्यापार और निवेश सहित प्रमुख क्षेत्रों में भारत-अर्जेंटीना साझेदारी को और बढ़ाने के लिए राष्ट्रपति जेवियर माइली के साथ व्यापक वार्ता करेंगे। पीएम की द्विपक्षीय यात्रा से भारत और अर्जेंटीना के बीच बहुमुखी रणनीतिक साझेदारी और अधिक गहरी होगी। अपनी यात्रा के चौथे चरण में, मोदी राष्ट्रपति लुईस इनासियो लूला दा सिल्वा के निमंत्रण पर ब्राजील की यात्रा करेंगे।

प्रधानमंत्री 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए 5 से 8 जुलाई, 2025 तक ब्राजील का दौरा करेंगे, जिसके बाद एक राजकीय यात्रा करेंगे। प्रधानमंत्री के रूप में यह मोदी की ब्राजील की चौथी यात्रा होगी। 17वां ब्रिक्स नेताओं का शिखर सम्मेलन रियो डी जेनेरियो में आयोजित किया जाएगा। विदेश मंत्रालय ने कहा, शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री वैश्विक शासन में सुधार, शांति और सुरक्षा, बहुपक्षवाद को मजबूत करने, कृत्रिम बुद्धिमत्ता के जिम्मेदार उपयोग, जलवायु कार्रवाई, वैश्विक स्वास्थ्य, आर्थिक और वित्तीय मामलों सहित प्रमुख वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।

Share with your Friends

Related Posts