Home देश-दुनिया कैसी चल रही तैयारी? ISRO ने गगनयान मिशन को लेकर दिया बड़ा अपडेट

कैसी चल रही तैयारी? ISRO ने गगनयान मिशन को लेकर दिया बड़ा अपडेट

by admin

बेंगलुरु(ए)।  भारत के महत्वाकांक्षी अंतरिक्ष मिशन गगनयान में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने बताया है कि अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) के ‘एक्सिओम-4 मिशन’ के लिए चुने गए दो भारतीय गगनयात्रियों ने अपने प्रशिक्षण का प्रारंभिक चरण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है।

इसरो के अनुसार, ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला और ग्रुप कैप्टन प्रशांत बालकृष्णन नायर ने अगस्त 2024 से अमेरिका में अपना प्रशिक्षण शुरू किया था। इस प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने मिशन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण गतिविधियां पूरी कीं, जिनमें मिशन के प्रक्षेपण चरणों का अवलोकन, स्पेसएक्स सूट की फिटिंग, अंतरिक्ष भोजन का चयन और अंतरिक्ष स्टेशन की विभिन्न प्रणालियों के बारे में जानकारी प्राप्त करना शामिल है।

इसके अलावा, गगनयात्रियों को अंतरिक्ष में चिकित्सकीय आपात स्थितियों और अन्य आपात स्थितियों से निपटने का प्रशिक्षण भी दिया गया। आने वाले समय में उन्हें अंतरिक्ष स्टेशन के अमेरिकी कक्षीय खंड के शेष मॉड्यूल पर केंद्रित प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही, उन्हें सूक्ष्म गुरुत्वाकर्षण वातावरण में वैज्ञानिक अनुसंधान प्रयोगों के संचालन के लिए भी प्रशिक्षित किया जाएगा।

यह प्रशिक्षण इसरो और नासा के संयुक्त प्रयास का हिस्सा है और इसका उद्देश्य भारतीय गगनयात्रियों को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर मिशन के लिए तैयार करना है। इस सफलता के साथ, भारत अपने अंतरिक्ष मिशन में एक और महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ गया है।

Share with your Friends

Related Posts