
मुंबई (ए)। अल्लू अर्जुन की फिल्म ‘पुष्पा: द राइज’ के सीक्वल ‘पुष्पा 2 द रूल’ ने बीते दिन यानी 5 दिसंबर को सिनेमाघरों में दस्तक दी। सुकुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रश्मिका मंदाना और फहाद फासिल ने भी अपनी-अपनी भूमिकाएं दोहराई हैं। वहीं, टिकट विंडो पर इसकी ओपनिंग से साफ हो गया है कि पुष्पा, फायर क्यों है। फिल्म ने पहले ही दिन, गुरुवार को एसएस राजामौली की ऑस्कर विनिंग फिल्म ‘आरआरआर’ को पछाड़कर बॉक्स ऑफिस पर कमाई का एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। सुकुमार द्वारा निर्देशित और मैत्री मूवी मेकर्स और मुत्तमसेट्टी मीडिया द्वारा निर्मित, फिल्म में अल्लू अर्जुन, रश्मिका मंदाना और फहाद फासिल पुष्पा राज, श्रीवल्ली और भंवर सिंह शेखावत के रूप में अपनी भूमिकाओं को दोहराते नजर आए हैं। फिल्म के मुख्य कलाकार अल्लू अर्जुन को पहले भाग में उनके प्रदर्शन के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।