नईदिल्ली(ए)। तेलंगाना में सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार के एक साल पूरे होने पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने हमला बोला। हैदराबाद में एक जनसभा में जेपी नड्डा ने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार जादूगरों की सरकार है। यह धोखेबाजों की सरकार है। इस सरकार ने जनता से किए वादों को कभी पूरा नहीं किया। आने वाले समय में लोग कांग्रेस को हटाएं और भाजपा को लाकर राज्य का विकास सुनिश्चित करें। जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस अपनी धोखेबाज़ी के लिए कुख्यात है। यह खोखले वादे करती है। बाद में किसी भी जिम्मेदारी से इनकार करती है। कांग्रेस बेईमान और चालाक दोनों है। कांग्रेस नेता अपनी जादुई चालों के लिए जाने जाते हैं, कहीं से भी कबूतर, अंडे या मुर्गियां निकाल लाते हैं और बाद में दावा करते हैं कि वादा किया ही नहीं था। यही रेवंत रेड्डी करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश हो या कर्नाटक कहीं भी अपने वादे पूरे नहीं किए। इन्होंने महिलाओं, युवाओं और किसानों को धोखा दिया। यह देखकर दुख होता है कि ऑटो चालकों को सालाना 12,000 रुपये देने का वादा किया गया था, लेकिन यह वादा अभी तक पूरा नहीं हुआ है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि तेलंगाना में इन्होंने पिछड़े वर्गों को धोखा दिया। पिछड़ा आयोग के लिए उपयोजना लागू करने का वादा पूरा नहीं किया गया। अति पिछड़े वर्गों के लिए कल्याण विभाग बनाने का वादा भी अधूरा है। उन्होंने भेड़ पालन के लिए पैसे देने का भी वादा किया था, लेकिन कुछ नहीं मिला। यह धोखेबाज सरकार के अलावा और कुछ नहीं है।
तेलंगाना में जेपी नड्डा का कांग्रेस पर हमला, कहा- यहां जादूगरों और धोखेबाजों की सरकार, इसे हटाएं
62