
सूरत(ए)। गुजरात के सूरत शहर से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां 16 वर्षीय एक लड़के ने अपने जन्मदिन के दिन ही आत्महत्या कर ली। घटना उस वक्त हुई जब उसके माता-पिता शाम की पार्टी के लिए केक लेने गए हुए थे। नाबालिग की पहचान 9वीं कक्षा में पढ़ने वाले आशुतोष प्रधान के रूप में हुई है। वह अपने माता-पिता और बहन के साथ भेस्तान के विजयलक्ष्मी नगर इलाके में रहता था।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, आशुतोष को सुबह से ही रिश्तेदारों और दोस्तों के शुभकामना संदेश मिल रहे थे। शाम के समय उसके माता-पिता केक खरीदने के लिए बाहर गए थे। जब वे वापस लौटे तो घर का दृश्य देखकर स्तब्ध रह गए। उन्होंने अपने बेटे आशुतोष को घर में पर्दे की रॉड से लटका हुआ पाया। पति-पत्नी की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचित किया। डिंडोली पुलिस आशुतोष को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आशुतोष के पिता मूल रूप से ओडिशा के रहने वाले हैं और एक स्थानीय कारखाने में काम करते हैं। उसकी बहन नर्स है और घटना के समय वह ड्यूटी पर थी। इस दुखद घटना से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। पुलिस ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वे यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या किसी पारिवारिक सदस्य ने उसे डांटा था या क्या उसने कोई ऐसा उपहार मांगा था जिसे परिवार वाले देने में असमर्थ थे।