
रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज छत्तीसगढ़ के दौरे पर आ रहे हैं. दो दिवसीय दौरे पर अमित शाह कई अहम बैठकों और कार्यक्रमों में शामिल होंगे. केंद्रीय गृहमंत्री छत्तीसगढ़ में चल रहे नक्सल ऑपरेशन की समीक्षा बैठक में भी शामिल होंगे. गृहमंत्री अमित शाह अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान बस्तर में सुरक्षा कैंप का भी दौरा करेंगे. सुरक्षा कैंप में वो जवानों से मुलाकात करेंगे. एंटी नक्सल ऑपरेशन पर अफसरों से फीड बैक भी लेंगे. कार्यक्रम के पहले दिन आज अमित शाह नवा रायपुर अटल नगर में एक राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय (एनएफएसयू) और एक राज्य फोरेंसिक प्रयोगशाला की आधारशिला रखेंगे. साय सरकार ने एनएफएसयू के लिए 40 एकड़ जमीन आवंटित की है, जिसे केंद्र द्वारा लगभग 400 करोड़ की लागत से बनाया जाएगा. गृह विभाग की जिम्मेदारी भी संभाल रहे विजय शर्मा ने कहा कि राज्य फोरेंसिक प्रयोगशाला एनएफएसयू परिसर के बगल में छह से सात एकड़ जमीन पर बनाई जाएगी.
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का कार्यक्रम
- दोपहर 2 बजे: नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी (एनएफएसयू) और सेन्ट्रल फॉरेंसिक साइंस लेबोरेट्री (सीएफएसएल) के रायपुर परिसर का शिलान्यास, NFSU रायपुर के अस्थाई परिसर का ई उद्घाटन
- दोपहर 03:45 बजे: छत्तीसगढ़ और पड़ोसी राज्यों के डीजीपी/एडीजीपी के साथ होटल मेफेयर, नवा रायपुर में सुरक्षा संबधित बैठक लेंगे.
- शाम 06:15 बजे: शाम के वक्त केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह वामपंथी उग्रवाद पर सुरक्षा विषयों को लेकर समीक्षा बैठक करेंगे. ये बैठक होटल मेफेयर नवा रायपुर में होगी.
- 23 जून सोमवार: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह अबूझमाड़ के ग्रामीणों के साथ संवाद करेंगे. सोमवार दोपहर 12 बजे ये संवाद कार्यक्रम रखा गया है.
- 23 जून सोमवार: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह नारायणपुर के इरकभट्ठी बीएसएफ कैंप में जवानों के साथ संवाद करेंगे. कार्यक्रम का आयोजन दोपहर 1 बजकर 15 मिनट पर रखा गया है.