Home देश-दुनिया प्यार का खौफनाक अंत: बाजार में बाप के सामने आशिक ने प्रेमिका का गला रेता, खून से लाल हुई सड़क

प्यार का खौफनाक अंत: बाजार में बाप के सामने आशिक ने प्रेमिका का गला रेता, खून से लाल हुई सड़क

by admin

मैरांग(ए)।  मेघालय के मैरांग से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। सोमवार शाम को मैरांग पिंडेंगुमियोंग गांव के बाजार में एक 25 वर्षीय युवक ने अपनी प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को उस समय अंजाम दिया जब लड़की अपने पिता के साथ बाजार में खेत का सामान बेच रही थी।

मृतका की पहचान फिरनैलिन खारसिनट्यू के रूप में हुई है, जो मावखाप गांव की रहने वाली थी। पुलिस के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाजार में आरोपी ने फिरनैलिन और उसके पिता से मुलाकात की। बातचीत के दौरान दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद आरोपी ने अचानक धारदार हथियार से अपनी प्रेमिका का गला रेत दिया। इस घटना के बाद बाजार में खून फैल गया और अफरा-तफरी मच गई।

वारदात के तुरंत बाद फिरनैलिन को मैरांग सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया, “प्रथम दृष्टया हत्या का कारण निजी झगड़ा लग रहा है, लेकिन हम मामले के सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रहे हैं।” मृतका के पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी उस युवक के साथ अपना रिश्ता तोड़ना चाहती थी, जिसके कारण उसने गुस्से में आकर यह भयानक कदम उठाया।

इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग सड़कों पर उतरकर मृतका के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Share with your Friends

Related Posts