
नईदिल्ली(ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नरेंद्र मोदी अपने दो दिनों की आधिकारिक यात्रा पर बुधवार को ब्रिटेन पहुंच गए है। पीएम मोदी के ब्रिटेन पहुंचने के साथ ही भारतीय प्रवासियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। कई लोग उम्मीद कर रहे हैं कि इस दौरे से भारत और ब्रिटेन के बीच व्यापार और सांस्कृतिक संबंध और मजबूत होंगे। देखा जाए तो प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा केवल भारतीय समुदाय के लिए ही नहीं, बल्कि दोनों देशों के लिए कूटनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण है। कारण है कि पीएम मोदी की मौजूदगी में भारत और ब्रिटेन के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर होने है। इतना ही नहीं इस यात्रा के दौरान पीएम मोदी किंग चार्ल्स तृतीय और अपने ब्रिटिश समकक्ष कीर स्टार्मर से मुलाकात करेंगे।
पीएम मोदी की ब्रिटेन दौरे को लेकर लंदन में रहने वाली प्रवासी सदस्य गायत्री लोकहांडे ने कहा कि हमें प्रधानमंत्री से मिलने की बहुत खुशी है। मैंने उनसे पहले ओडिशा में प्रवासी भारतीय कार्यक्रम में मुलाकात की थी। यह मेरा दूसरा मौका है। उन्होंने कहा कि मैं भारत को जानिए’क्विज़ की विजेता हूं। हम पीएम की ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के साथ होने वाले व्यापार समझौते का इंतजार कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ब्रिटेन दौरे के दौरान भारतीय संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी। लंदन में एक डांस ग्रुप असम का पारंपरिक बिहू नृत्य प्रस्तुत करेगा, जो पीएम मोदी के स्वागत का हिस्सा होगा। इस प्रस्तुति को लेकर कलाकारों में काफी उत्साह और गर्व देखा जा रहा है। इस डांस ग्रुप की सदस्य मधुस्मिता बोरगोहेन ने कहा कि मैं असम से हूं और पिछले 12 वर्षों से यूके में रह रही हूं। आज पीएम मोदी को सामने से देखने का मौका मिल रहा है, इससे ज्यादा खुशी मैं बयां नहीं कर सकती। आज हम बिहू नृत्य प्रस्तुत करेंगे।
वहीं इसी डांस ग्रुप की एक और सदस्य चीनू किशोर ने कहा कि मैं भी असम से हूं और पिछले 22 वर्षों से यूके में रह रही हूं। आज पीएम मोदी से आमने-सामने मिलने और असम का बिहू डांस करने का मौका मिल रहा है, यह हमारे लिए गर्व की बात है। यह सांस्कृतिक प्रस्तुति भारतीय प्रवासी समुदाय द्वारा आयोजित एक विशेष स्वागत समारोह का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य पीएम मोदी का सम्मान करना और वैश्विक मंच पर भारत की समृद्ध परंपराओं को प्रदर्शित करना है।
ब्रिटेन पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी ने भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात के बात कहा कि वहां भारतीय समुदाय ने उनका बहुत गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने बताया कि भारतीय लोगों का भारत के विकास के प्रति प्यार और उत्साह देखकर उन्हें बहुत खुशी हुई। यह लगाव और समर्थन बहुत ही प्रेरणादायक है।