
नईदिल्ली (ए)। केंद्र सरकार ने बुधवार को बीएसएफ के 60 वर्षों के इतिहास में पहली बार कैडर पुनर्गठन को मंजूरी दे दी, जिसके तहत कांस्टेबल से लेकर इंस्पेक्टर रैंक तक लगभग 4,000 कर्मियों की संख्या बढ़ाई जाएगी। बीएसएफ के एक प्रवक्ता ने बताया कि ग्रुप बी और ग्रुप सी के कर्मचारियों से संबंधित इस फैसले से कुल 23,710 कर्मियों को तत्काल पदोन्नति मिलेगी। 1965 में गठित लगभग 2.65 लाख कर्मियों वाले बीएसएफ का मुख्य कार्य पश्चिम में पाकिस्तान और पूर्व में बांग्लादेश से लगती भारतीय सीमाओं की रक्षा करना है, इसके अलावा यह देश की आंतरिक सुरक्षा के क्षेत्र में विभिन्न प्रकार के कर्तव्य भी निभाता है। प्रवक्ता ने कहा कि भारत सरकार ने कांस्टेबल से लेकर इंस्पेक्टर तक बीएसएफ ग्रुप बी और सी कर्मचारियों की पहली कैडर समीक्षा को मंजूरी दे दी है और इसका कार्यान्वयन पहले ही शुरू हो चुका है।
वित्त मंत्रालय से अनुमोदन के बाद गृह मंत्रालय (एमएचए) द्वारा यह आदेश जारी किया गया। अधिकारियों ने बताया कि दोनों सेवा समूहों के कार्मिकों के कैडर पुनर्गठन से जवान और अधीनस्थ अधिकारियों के पदों में 3,994 पदों की बढ़ोतरी हुई है।