Home देश-दुनिया जश्न-ए-आजादी: इस साल लाल किले पर 5000 विशिष्ट मेहमानों को न्योता, देश की 140 जगहों पर गूंजेगी देशभक्ति की धुन

जश्न-ए-आजादी: इस साल लाल किले पर 5000 विशिष्ट मेहमानों को न्योता, देश की 140 जगहों पर गूंजेगी देशभक्ति की धुन

by admin

नईदिल्ली (ए)। भारतवर्ष अपने आजादी के 79वें साल में कदम रखने जा रहा है। ऐसे में आजादी के 79वें जश्न को और भी भव्य और यादगार बनाने के लिए भारतीय सेना पूरी तरह तैयार है। इसलिए 15 अगस्त को पहली बार पूरे भारत में 140 से ज्यादा जगहों पर सशस्त्र बलों और अर्धसैनिक बलों के बैंड एक साथ प्रस्तूती देंगे। यह खास आयोजन ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को मनाने के लिए रखा गया है, जो देशवासियों के लिए गर्व और खुशी का विषय है। दूसरी ओर इस बार के जश्न-ए-आजादी को और खास बनाने के लिए 5000 विशिष्ट मेहमानों को न्योता भी भेजा गया है।

इस साल स्वतंत्रता दिवस का थीम है ‘नया भारत’, जो यह दिखाता है कि हमारा देश हर क्षेत्र में तेजी से तरक्की कर रहा है। भारत सरकार का लक्ष्य है कि 2047 तक हमारा देश पूरी तरह विकसित और मजबूत बन जाए। इस उत्सव में देश की जनता देशभक्ति की भावना के साथ झूमेगी और अपने राष्ट्र के उज्जवल भविष्य का जश्न मनाएगी।

बात अगर स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी की करें तो कार्यक्रम की तैयारी पूरी हो चुकी है और बुधवार को इसका भव्य रिहर्सल भी किया गया। 15 अगस्त को ‘ज्ञानपथ’ को ऑपरेशन सिंदूर के प्रतीक चिन्हों से सजाया जाएगा।इस आयोजन में करीब 2,500 महिला और पुरुष कैडेट तथा ‘माय भारत’ के स्वयंसेवक हिस्सा लेंगे, जो ‘नया भारत’ का लोगो बनाकर एक अद्भुत दृश्य पेश करेंगे। इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य बनाने के लिए 5000 खास मेहमानों को न्योता भेजा गया है। इनमें स्पेशल ओलंपिक्स 2025 के भारतीय खिलाड़ी, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफल हुए खिलाड़ी, खेलो इंडिया पैरागेम्स के गोल्ड मेडलिस्ट, नेशनल बीकीपिंग मिशन के उत्कृष्ट किसान, और प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र शामिल हैं। साथ ही, स्वच्छता कर्मी, आंगनवाड़ी वर्कर, और ‘लाखपति दीदी’ योजना के लाभार्थी भी इस जश्न का हिस्सा होंगे।खास बात ये है कि आमंत्रण कार्डों पर भी ऑपरेशन सिंदूर का लोगो और चेनाब पुल की तस्वीर होगी, जो ‘नया भारत’ की तरक्की का प्रतीक है।

बात अगर पीएम मोदी के संबोधन की करे तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराएंगे और पूरे देश को संबोधित करेंगे। उनका संदेश ‘नया भारत’ की ताकत और आत्मनिर्भरता को लेकर होगा। वहीं देश की राजधानी दिल्ली में इंडिया गेट, कर्तव्य पथ, विजय चौक, पुराना किला, निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जैसे प्रतिष्ठित स्थानों पर बैंड के रंग जमेंगे।

Share with your Friends

Related Posts