
नईदिल्ली(ए)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार को जनसुनवाई के दौरान हमले की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कार्यक्रम के दौरान मौजूद एक युवक ने अचानक मंच पर चढ़कर मुख्यमंत्री को थप्पड़ मार दिया। इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी युवक को वहीं पर दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
BJP ने जताई नाराज़गी
इस घटना को लेकर दिल्ली BJP अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे लोकतंत्र पर हमला बताते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। सचदेवा ने इस पूरे प्रकरण की जांच और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जनता में दहशत, सुरक्षा पर सवाल
इस घटना के बाद आम लोगों और अधिकारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। मुख्यमंत्री आवास पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है। वहीं, यह भी सवाल उठ रहा है कि कैसे आरोपी व्यक्ति जनसुनवाई के नाम पर इतनी आसानी से मुख्यमंत्री के करीब पहुंच गया।
आरोपी से पूछताछ जारी
गिरफ्तार किए गए व्यक्ति से पुलिस गहन पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह किसी व्यक्तिगत समस्या को लेकर जनसुनवाई में आया था, लेकिन उसका व्यवहार अचानक आक्रामक हो गया।