
नई दिल्ली। एनटीपीसी के सीएमडी गुरदीप सिंह को आज नई दिल्ली में आयोजित स्कोप एमीनेन्स अवॉर्ड्स के दौरान इंडीविजु़अल लीडरशिप एक्सीलेन्स अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
यह पुरस्कार नई दिल्ली के विज्ञान भवन में भारत की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू द्वारा दिया गया। इस अवसर पर श्री पंकज चौधरी, माननीय वित्त राज्य मंत्री, श्री के मोसेस चलई, सचिव (सार्वजनिक उद्यम विभाग), श्री के.पी. महादेवस्वामी, चेयरमैन (स्कोप) तथा अन्य सीपीएसई के सीएमडी एवं डायरेक्टर्स भी मौजूद रहे।
यह पुरस्कार एनटीपीसी के ऊर्जा रूपान्तरण को गति प्रदान करने, इसके स्वच्छ ऊर्जा पोर्टफोलियो को सशक्त बनाने तथा कंपनी को स्थायी विद्युत उत्पादन में लीडर के रूप में स्थापित करने में श्री गुरदीप सिंह के दूरदृष्टा नेतृत्व को रेखांकित करता है। इनोवेशन, विविधीकरण एवं नए दौर की तकनीकों के अडॉप्शन पर ध्यान केन्द्रित करते हुए उन्होंने एनटीपीसी को महत्वाकांक्षी नवीकरणीय ऊर्जा लक्ष्यों की ओर अग्रसर किया है।
एनटीपीसी भारत की सबसे बड़ी इंटीग्रेटेड पावर युटिलिटी है, जो देश की विद्युत आवश्यकताओं में एक चौथाई योगदान देती है। कंपनी की इंस्टॉल्ड क्षमता 83 गीगावॉट है और 30.90 गीगावॉट अतिरिक्त क्षमता निर्माणाधीन है, जिसमें 13.3 गीगावॉट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता भी शामिल है। कंपनी 2032 तक 60 गीगावॉट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध है।
थर्मल, हाइड्रो, सोलर एवं विंड पावर प्लांट्स के विविध पोर्टफोलियो के साथ एनटीपीसी देश को भरोसेमंद, किफ़ायती एवं स्थायी विद्युत उपलब्ध कराने के लिए तत्पर है। कंपनी हरित भविष्य के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रथाओं, इनोवेशन को बढ़ावा देने तथा स्वच्छ ऊर्जा तकनीकों को अपनाने के लिए प्रतिबद्ध है।