Home छत्तीसगढ़ महुआ मोइत्रा के बयान पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का तीखा प्रहार: कहा– यह देश की गरिमा और लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला

महुआ मोइत्रा के बयान पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का तीखा प्रहार: कहा– यह देश की गरिमा और लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला

by admin

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लेकर तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा के विवादित बयान को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के खिलाफ की गई टिप्पणी न केवल आपत्तिजनक और असंवेदनशील है, बल्कि यह एक गंभीर आपराधिक कृत्य भी है। मुख्यमंत्री ने इसे केवल एक व्यक्ति पर व्यक्तिगत टिप्पणी मानने से इनकार करते हुए कहा कि यह मामला देश की गरिमा, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय चेतना से सीधे तौर पर जुड़ा हुआ है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि गृहमंत्री देश की सुरक्षा और एकता के सर्वोच्च प्रहरी हैं और उन पर इस प्रकार की अभद्र टिप्पणी वास्तव में लोकतांत्रिक मर्यादाओं का अपमान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह घटना बताती है कि विपक्ष किस प्रकार राजनीति में निम्न स्तर तक गिर चुका है और किस प्रकार व्यक्तिगत आक्षेपों के माध्यम से लोकतांत्रिक संवाद की गरिमा को लगातार ठेस पहुंचाई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी टिप्पणियां यह दर्शाती हैं कि जब विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं रह जाता, तो वह देश के शीर्ष नेतृत्व पर व्यक्तिगत और अपमानजनक हमले करता है। उन्होंने इसे “दूषित मानसिकता” और “राजनीतिक दिवालियापन” की संज्ञा दी और कहा कि जो लोग जनता को सकारात्मक दिशा देने में असमर्थ हैं, वे इसी तरह की बयानबाज़ी कर जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश करते हैं। मुख्यमंत्री साय ने यह भी कहा कि इस तरह के आपत्तिजनक वक्तव्य केवल संसद और राजनीति की गरिमा को ही नहीं, बल्कि आम जनता की संवेदनाओं को भी आहत करते हैं।

Share with your Friends

Related Posts