रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में राजधानी रायपुर में आयोजित एक भव्य समारोह में भाग लिया। इस ऐतिहासिक अवसर पर, उन्होंने राज्य के विकास को गति देने के लिए 14,260 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
इन परियोजनाओं में सड़कें, उद्योग, स्वास्थ्य और ऊर्जा जैसे प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं, जिनका उद्देश्य छत्तीसगढ़ की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना है। कार्यक्रम स्थल पर पीएम मोदी ने एक सजाए गए वाहन में सवार होकर रेड कारपेट पर मौजूद जनता का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
अपने दौरे के दौरान, प्रधानमंत्री ने शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक और जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का भी उद्घाटन किया। यह संग्रहालय राज्य के आदिवासी नायकों की साहस और बलिदान की गाथा को प्रदर्शित करता है। इसके अलावा, पीएम मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया और राज्य के नए विधान सभा भवन का भी उद्घाटन किया।
उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने छत्तीसगढ़ के विकास को राष्ट्रीय प्रगति से जोड़ा। उन्होंने कहा कि राज्य का विकास ही देश की प्रगति का आधार है। इस कार्यक्रम में भारी संख्या में लोग शामिल हुए, जिन्होंने प्रधानमंत्री का पूरे जोश के साथ स्वागत किया। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में प्रदेश के विकास यात्रा की चर्चा करते हुए कहा कि जब छत्तीसगढ़ बना था, तब गांवों तक पहुंचना बेहद कठिन था। उस समय बहुत सारे गांवों में सड़कों का नामो-निशान तक नहीं था। आज छत्तीसगढ़ के गांवों में सड़कों का नेटवर्क 40 हजार किलोमीटर तक पहुंच चुका है।
बीते 11 वर्षों में नेशनल हाइवे का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। आज छत्तीसगढ़ में वंदे भारत जैसी तेज गति की ट्रेनें दौड़ रही हैं। कभी छत्तीसगढ़ सिर्फ कच्चे माल के निर्यात के लिए जाना जाता था। आज यह एक इंडस्ट्रियल स्टेट के रूप में नई पहचान बना रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है क्योंकि छत्तीसगढ़ को लोकतंत्र का नया मंदिर, नया विधानसभा भवन प्राप्त हुआ है। इस अवसर पर उन्हें आदिवासी संग्रहालय का लोकार्पण करने का भी अवसर मिला है। इसके अलावा, इस मंच से लगभग 14 हजार करोड़ रुपए की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया। उन्होंने कहा, “इन विकास कार्यों के लिए मैं आप सभी को हार्दिक बधाई देता हूं।
उन्होंने आगे कहा कि 25 साल का यह कालखंड पूरा हुआ है और आज अगले 25 साल के नए युग का सूर्योदय हो रहा है। 25 वर्ष पहले अटल जी की सरकार ने आपके सपनों का छत्तीसगढ़ आपको सौंपा था। उन्होंने यह संकल्प भी लिया था कि छत्तीसगढ़ विकास की नई बुलंदी छुएगा। आज यह राज्य उसी दिशा में तेज गति से आगे बढ़ रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की रजत जयंती के इस समारोह में शामिल होना उनके लिए गर्व का क्षण है। मैंने भाजपा कार्यकर्ता के रूप में राज्य गठन से पहले का दौर भी देखा है और इन 25 वर्षों की विकास यात्रा का साक्षी भी रहा हूं। इसलिए इस गौरवशाली पल का हिस्सा बनना मेरे लिए अद्भुत अनुभूति है।
उन्होंने गरीब कल्याण योजनाओं पर कहा कि उनकी सरकार ने हमेशा गरीब की दवाई, कमाई, पढ़ाई और सिंचाई पर फोकस किया है। 25 साल पहले हमारे छत्तीसगढ़ में सिर्फ एक मेडिकल कॉलेज था, आज यहां 14 मेडिकल कॉलेज हैं और रायपुर में एम्स भी है। यह बदलाव छत्तीसगढ़ की प्रगति की तस्वीर पेश करता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य हर गरीब को पक्का घर देना है। बीते 11 वर्षों में 4 करोड़ गरीबों को पक्के घर दिए गए हैं और अब 3 करोड़ नए घर बनाने का संकल्प लिया गया है। आज के दिन भी छत्तीसगढ़ में साढ़े तीन लाख से अधिक परिवार अपने नए घर में गृह प्रवेश कर रहे हैं। यह दिखाता है कि छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार गरीबों के कल्याण के लिए कितनी गंभीरता से काम कर रही है।