Home देश-दुनिया मेरे दिल में पटना और बिहार की जनता-कार्यकर्ता बसे हैं: नितिन नबीन

मेरे दिल में पटना और बिहार की जनता-कार्यकर्ता बसे हैं: नितिन नबीन

by admin

पटना(ए)। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद मंगलवार को नितिन नबीन पहली बार पटना पहुंचे। पटना पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। उनके सम्मान और स्वागत के लिए बिहार भाजपा द्वारा मिलर स्कूल मैदान में अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने पीएम नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, और गृह मंत्री अमित शाह का आभार जताते हुए कहा कि उन सभी लोगों ने बिहार पर भरोसा किया है। उन्होंने इस समारोह में आए सभी कार्यकर्ताओं का नमन किया। उन्होंने इस सफल कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं और प्रदेश भाजपा का आभार जताया। उन्होंने कहा कि भाजपा की यही खूबसूरती है कि भाजपा का एक बूथ का कार्यकर्ता भी राष्ट्रीय नेतृत्व की जगह पर बैठ जाता है तो वह भी राष्ट्रीय नेतृत्व की तरह काम करने लगता है। एक-एक कार्यकर्ता में यह क्षमता है कि उसे कोई काम दे दीजिए, पूरा समूह खड़ा हो जाता है। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने हाल ही में हुए कई स्थानीय निकाय चुनाव का हवाला देते हुए कहा कि जो भी चुनाव हो रहे हैं, उनमें भाजपा का परचम लहरा रहा है।

उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि बिहार से शुरू हुई यह जीत का सिलसिला पश्चिम बंगाल और केरल तक जाएगा। भगवा हर जगह लहराएगा। उन्होंने कहा कि राजनीति में शॉर्टकट का कोई रास्ता नहीं है, लॉन्ग टर्म की जरूरत है। सरकार की योजनाओं को नीचे तक ले जाने के लिए कार्य किया जाए। बिहार की जनता ने हमारे ऊपर जो विश्वास जताया है, उस भरोसे पर बने रहने के लिए और अधिक मेहनत करनी होगी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कांग्रेस के नेता राहुल गांधी की तरह पार्ट टाइम राजनीति करने से बचने की सलाह दी। भाजपा के लोग फुल टाइम राजनीति करते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जब देश में रहेंगे, तो संविधान और चुनाव आयोग को गाली देंगे और जब विदेश जाएंगे, तो देश को गाली देंगे। ऐसे लोगों को सजा देने की जरूरत है। उन्होंने तेजस्वी यादव का बिना नाम लिए कहा कि बिहार में भी ऐसे एक नेता हैं जो पार्ट टाइम राजनीति करते हैं। जब सदन चलता है तो वे छोड़कर चले जाते हैं।

आने वाले समय को बदलाव का समय बताते हुए उन्होंने कहा कि बिहार के कार्यकर्ता आगे आएं और बिहार और देश को विकसित बनाने में जुटें। उन्होंने लोगों को भरोसा देते हुए कहा कि वे कहीं बैठे हों, लेकिन दिल में पटना और बिहार की जनता और कार्यकर्ता बसे हैं। बिहार और बांकीपुर की जनता ने जो प्यार दिया है, वह भूल नहीं सकता। कार्यकर्ताओं ने जो सम्मान दिया है, वह भूल नहीं सकता।

Share with your Friends

Related Posts