Home देश-दुनिया ओला-उबर में अब महिलाएं चुन सकेंगी फीमेल ड्राइवर, टिप को लेकर भी लिया गया फैसला, जानिए नई गाइडलाइंस

ओला-उबर में अब महिलाएं चुन सकेंगी फीमेल ड्राइवर, टिप को लेकर भी लिया गया फैसला, जानिए नई गाइडलाइंस

by admin

नई दिल्ली(ए)। जल्द ही कैब बुकिंग के दौरान यात्रियों को ओला, उबर और रैपिडो जैसे प्लेटफॉर्म्स पर अपने ही जेंडर का ड्राइवर चुनने का विकल्प मिल सकता है। इसके साथ ही ट्रिप पूरी होने के बाद ड्राइवर को टिप देने की सुविधा भी जोड़ी जाएगी, जिसमें टिप की पूरी राशि ड्राइवर को ही मिलेगी। सरकार का कहना है कि इन प्रावधानों का उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाना है, खासकर महिला यात्रियों के लिए यह सुविधा अहम मानी जा रही है। ये बदलाव Motor Vehicle Aggregators Guidelines, 2025 में संशोधन के तहत किए गए हैं और राज्यों से इसे लागू करने को कहा गया है।

नोटिफिकेशन में अभी कोई स्पष्ट प्रभावी तारीख नहीं बताई गई है। इसलिए इसे जारी होने की तारीख से प्रभावी माना जा सकता है। इससे पहले जब जुलाई 2025 में मूल गाइडलाइंस जारी हुई थीं, तब राज्यों को इन्हें अपनाने के लिए तीन महीने का समय दिया गया था। संशोधन के लिए भी ऐसा ही समय मिल सकता है, हालांकि फिलहाल कोई तय समय-सीमा घोषित नहीं है।

गाइडलाइंस केंद्र सरकार की हैं, लेकिन इन्हें राज्य सरकारें अपनी लाइसेंसिंग प्रक्रिया में शामिल करेंगी। इसके बाद एग्रीगेटर्स को अपने ऐप में जरूरी बदलाव करने होंगे, जैसे क्लॉज 15.6 के तहत ‘सेम जेंडर ड्राइवर’ वाला फीचर जोड़ना। नियमों का पालन न होने पर लाइसेंस सस्पेंड या कैंसिल होने जैसी कार्रवाई भी संभव बताई गई है।

इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स के मुताबिक, इस व्यवस्था को लागू करना व्यावहारिक तौर पर चुनौतीपूर्ण हो सकता है, क्योंकि देश में कैब ड्राइवरों में महिलाओं की हिस्सेदारी 5% से भी कम बताई जा रही है। ऐसे में ‘सेम जेंडर ड्राइवर’ विकल्प से वेटिंग टाइम बढ़ने, खासकर लेट-नाइट बुकिंग में दिक्कत आने की आशंका जताई जा रही है। ओला, उबर और रैपिडो ने फिलहाल इस मुद्दे पर टिप्पणी करने से इनकार किया है।

सरकार ने टिपिंग के नियमों को भी पारदर्शी बनाया है। अब यात्री अपनी मर्जी से ड्राइवर को टिप दे सकेंगे, लेकिन इसकी कुछ शर्तें होंगी। टिप देने का विकल्प सिर्फ ट्रिप पूरी होने के बाद ही मिलेगा। बुकिंग के समय या सफर के दौरान एप पर टिप का ऑप्शन नहीं दिया जा सकेगा। यात्री जितनी भी टिप देगा, वह पूरी रकम ड्राइवर के खाते में जाएगी। कैब कंपनियां इसमें से अपना कमीशन नहीं काट सकेंगी।

Share with your Friends

Related Posts