
नईदिल्ली(ए)। भारतीय जनता पार्टी (BJP) को 20 जनवरी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल जाएगा। पार्टी की ओर से शुक्रवार को इसके लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। अधिसूचना के मुताबिक, 19 जनवरी को नामांकन प्रक्रिया पूरी होगी, जबकि 20 जनवरी को नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम का ऐलान किया जाएगा।
फिलहाल नितिन नबीन पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और उन्हें ही निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने की प्रबल संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, नितिन नबीन 19 जनवरी को नामांकन दाखिल करेंगे। उन्हें 14 दिसंबर 2025 को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
भाजपा ने वर्ष 2020 में जेपी नड्डा को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया था। उनका कार्यकाल 2024 में समाप्त हो गया था, जिसके बाद वे विस्तार (एक्सटेंशन) पर बने हुए थे। वर्तमान में जेपी नड्डा केंद्र सरकार में स्वास्थ्य मंत्री का दायित्व संभाल रहे हैं।
राष्ट्रीय रिटर्निंग ऑफिसर ने जारी किया चुनाव शेड्यूल
बीजेपी के राष्ट्रीय रिटर्निंग ऑफिसर के. लक्ष्मण ने पार्टी अध्यक्ष चुनाव का कार्यक्रम जारी किया। इसके अनुसार, 19 जनवरी को दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। उसी दिन शाम 5 बजे से 6 बजे तक नामांकन वापस लेने का समय निर्धारित किया गया है। यदि आवश्यकता पड़ी तो 20 जनवरी को मतदान कराया जाएगा और उसी दिन नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की औपचारिक घोषणा की जाएगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में संपन्न होगी।
नितिन नबीन बने तो सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष
वर्तमान में 45 वर्षीय नितिन नबीन भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। यदि उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना जाता है, तो वे पार्टी के इतिहास में सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनेंगे।
भाजपा की नई टीम में युवाओं को मिलेगा प्रमुख स्थान
नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा संगठन में बड़े बदलाव की तैयारी है। सूत्रों के मुताबिक, नई राष्ट्रीय टीम में करीब 80 प्रतिशत युवाओं को जिम्मेदारी दिए जाने की संभावना है। हालांकि पूरी टीम के गठन में लगभग छह महीने का समय लग सकता है, लेकिन यह तय माना जा रहा है कि महामंत्री, सचिव और अन्य प्रमुख पदों पर 50 वर्ष से कम उम्र के नेताओं को प्राथमिकता मिलेगी। अगले साल होने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक ढांचे को नए सिरे से तैयार किया जाएगा।
