Home देश-दुनिया नेशनल हाईवे पर अब बिना रुके कटेगा टोल, शुरू होगा हाईटेक फ्री फ्लो सिस्टम, जानिए पूरा प्रोसेस

नेशनल हाईवे पर अब बिना रुके कटेगा टोल, शुरू होगा हाईटेक फ्री फ्लो सिस्टम, जानिए पूरा प्रोसेस

by admin

नईदिल्ली(ए)। नेशनल हाईवे पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है। हरियाणा के करनाल जिले में स्थित बसताड़ा टोल प्लाजा पर अब टोल टैक्स के लिए वाहनों को रुकना नहीं पड़ेगा। यहां मल्टी लेन फ्री फ्लो (MLFF) सिस्टम लागू किया जा रहा है, जिसके तहत चलते वाहन से ही ऑटोमैटिक टोल कट जाएगा।

अधिकारियों के अनुसार बसताड़ा टोल प्लाजा पर MLFF सिस्टम लगभग तैयार हो चुका है। इसके शुरू होने के बाद यह भारत का दूसरा ऐसा हाईटेक टोल प्लाजा बन जाएगा, जहां पूरी तरह बाधा-मुक्त टोल वसूली की जाएगी।

RFID और ANPR तकनीक से होगा टोल संग्रह
नई व्यवस्था के तहत हाई-परफॉर्मेंस RFID रीडर और ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा। यह तकनीक FASTag और वाहन पंजीकरण संख्या (VRN) के माध्यम से बिना किसी रुकावट के इलेक्ट्रॉनिक टोल कटौती सुनिश्चित करेगी। बसताड़ा टोल प्लाजा के प्रबंधक मुकेश शर्मा ने बताया कि उपकरणों की स्थापना का कार्य अंतिम चरण में है। सिस्टम के पूरी तरह चालू होते ही मौजूदा टोल बूथ और बैरियर हटा दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि यह नई व्यवस्था 26 जनवरी तक शुरू होने की संभावना है।

देश का दूसरा MLFF टोल प्लाजा
गौरतलब है कि एनएच-44 (पानीपत–जालंधर) पर लगभग 500 मीटर क्षेत्र में फैला यह टोल प्लाजा घरौंडा उपमंडल के अंतर्गत आता है। यह देश का दूसरा टोल प्लाजा होगा, जहां मल्टी लेन फ्री फ्लो सिस्टम लागू किया जा रहा है।

इससे पहले एनएच-48 पर गुजरात के चोर्यासी टोल प्लाजा को देश का पहला बाधा-मुक्त टोल प्लाजा बनाया गया था। यह परियोजना भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की प्रवर्तक कंपनी इंडियन हाइवेज मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड (IHMCL) और आईसीआईसीआई बैंक के सहयोग से लागू की गई थी।

देशभर में लागू होगी नई टोल व्यवस्था
इस संबंध में 30 अगस्त को नई दिल्ली स्थित NHAI मुख्यालय में समझौता किया गया था। उस अवसर पर NHAI अध्यक्ष संतोष कुमार यादव ने कहा था कि अत्याधुनिक तकनीक आधारित यह टोल प्रणाली अधिक कुशल, पारदर्शी और उपयोगकर्ता-अनुकूल होगी तथा इससे पूरे देश में स्मार्ट टोलिंग सिस्टम लागू करने का मार्ग प्रशस्त होगा। रिपोर्ट के मुताबिक, NHAI आने वाले समय में देशभर के करीब 25 राष्ट्रीय राजमार्ग टोल प्लाजाओं पर MLFF सिस्टम लागू करने की योजना पर काम कर रहा है।

Share with your Friends

Related Posts