नईदिल्ली(ए)। भारत ने हाल ही में पाकिस्तान की ओर से अफगानिस्तान पर किए गए हमलों की निंदा की। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने इसे पाकिस्तान की ओर से एक और आक्रामक कार्रवाई बताया और कहा कि इस हमले में कई नागरिकों की मौत हुई है और स्थानीय बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है। अफगान अधिकारियों ने शनिवार को पुष्टि की कि शुक्रवार को पाकिस्तान के हवाई हमलों में काबुल, कंधार, पक्तिका और पक्तिया प्रांतों में कई नागरिक मारे गए। अफगान सरकार के उप प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत ने शनिवार को बताया कि काबुल में पाकिस्तान के हवाई हमलों में कम से कम चार लोगों की मौत हुई है और 25 से अधिक लोग घायल हुए हैं। अधिकारी के अनुसार, पाकिस्तान ने गुरुवार रात और शुक्रवार को काबुल के अलावा कंधार, पक्तिका, खोस्त और नंगरहार प्रांतों में भी हवाई हमले किए। कंधार में एक तेल डिपो को निशाना बनाए जाने की खबर है।
अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने क्या कहा?
अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि पाकिस्तान के हमलों के जवाब में अफगान सेना ने भी पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट जिले में पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों और प्रतिष्ठानों पर हमला किया है। गुरुवार रात इस्लामाबाद की ओर से किए गए हमलों में अफगान पक्ष के कई नागरिक मारे गए थे।
काबुल की ओर से जारी बयान के अनुसार, इस कार्रवाई में कोहाट के सैन्य किले और डूरंड रेखा के पास स्थित युद्ध कमान केंद्र को निशाना बनाया गया। अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने एक्स पर जारी बयान में कहा, पाकिस्तानी सैन्य शासन की ओर से गुरुवार रात किए गए हमलों के जवाब में अफगान वायु सेना ने शुक्रवार सुबह खैबर पख्तूनख्वा के कोहाट क्षेत्र में पाकिस्तानी सेना के रणनीतिक सैन्य केंद्रों और प्रतिष्ठानों पर हमला किया।