Home छत्तीसगढ़ SSP भोजराम पटेल ने देर रात्रि स्वयं आवेदक बनकर डायल-112 की कार्यप्रणाली, रिस्पांस टाइम एवं आपातकालीन सेवाओं का किया औचक निरीक्षण

SSP भोजराम पटेल ने देर रात्रि स्वयं आवेदक बनकर डायल-112 की कार्यप्रणाली, रिस्पांस टाइम एवं आपातकालीन सेवाओं का किया औचक निरीक्षण

ग्राम कोदवाबानी में दुर्घटना की सूचना देकर डायल-112 की प्रतिक्रिया का लिया जायजा, डॉयल 112 टीम ने त्वरित रिस्पांस देते हुए पहुंचे घटनास्थल

by admin

मुंगेली।  जिले में आमजन को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने हेतु संचालित डायल-112 सेवा की कार्यक्षमता एवं रिस्पांस टाइम का परीक्षण करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) द्वारा दिनांक 12 जून 2026 की देर रात्रि स्वयं प्रार्थी बनकर औचक निरीक्षण किया गया, रात्रि 11.38 बजे एसएसपी श्री पटेल ग्राम कोदवाबानी पहुंचे, जो थाना जरहागांव, लालपुर एवं सिटी कोतवाली क्षेत्र के मध्य स्थित है। वहां से उन्होंने डायल-112 पर कॉल कर सड़क दुर्घटना होने एवं घटनास्थल पर भीड़ एकत्रित होने की सूचना दी। सूचना प्राप्त होने के मात्र तीन मिनट बाद डायल-112 कंट्रोल रूम से रिस्पांस कॉल प्राप्त हुआ तथा टीम द्वारा 15 से 20 मिनट में घटनास्थल पहुंचने की जानकारी दी गई। इसके पश्चात पुनः मैसेज 11.44 बजे डायल-112 वाहन के रवाना होने की सूचना दी गई।

डायल-112 वाहन लगभग 22 मिनट के भीतर घटनास्थल ग्राम कोदवाबानी पर पहुंच गया। एसएसपी श्री पटेल ने स्वयं वाहन में बैठकर स्क्रीन पर जानकारी दर्ज की एवं स्टाफ की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया तथा आरक्षक सुनील खाण्डे सहित उपस्थित स्टाफ को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

 

इसी तरह रात्रि 01.10 बजे बस स्टैंड मुंगेली में एक अन्य दुर्घटना की सूचना डायल-112 को प्राप्त होने पर सूचना मिलते ही एसएसपी श्री पटेल स्वयं डायल-112 वाहन में सवार होकर घटनास्थल पहुंचे तथा रात्रि 01.20 बजे मौके का निरीक्षण किया। इस दौरान 108 एम्बुलेंस सेवा के पहुंचने पर उसकी कार्यप्रणाली का भी परीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान डायल-112 वाहन चालक के निर्धारित वेशभुषा में नहीं पाए जाने पर उसे ड्यूटी के दौरान अनिवार्य रूप से निर्धारित युनीफार्म धारण करने के निर्देश दिए गए।

 

*एसएसपी द्वारा दिए गए प्रमुख निर्देश:-* निरीक्षण उपरांत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने डायल-112 स्टाफ को निर्देशित किया कि डायल-112 सेवा आमजन की सुरक्षा एवं सहायता के लिए संचालित की जा रही है। महिला सुरक्षा, सड़क दुर्घटनाओं, आपातकालीन परिस्थितियों तथा अन्य अपराध संबंधी सूचनाओं पर तत्काल एवं प्रभावी रिस्पांस सुनिश्चित किया जाए। घटनास्थल पर शीघ्र पहुंचकर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जाए तथा आम नागरिकों के साथ सौम्य एवं संवेदनशील व्यवहार रखते हुए पुलिस और जनता के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए।

*मुंगेली पुलिस द्वारा आमजन की सुरक्षा एवं सहायता हेतु डायल-112 सेवा को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।*

Share with your Friends

Related Posts