रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा आम नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ सरल, सुगम और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। शासन की सेवा सेतु पहल इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण माध्यम बनकर उभरी है। इसके जरिए नागरिकों को आवश्यक शासकीय दस्तावेज प्राप्त करने के लिए अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिल रही है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में सेवा सेतु के माध्यम से छात्रवृत्ति आवेदन के लिए एक छात्रा को मात्र एक दिन में आय प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया जाना त्वरित जनसेवा का उदाहरण बना है।
गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले के गौरेला विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बस्ती निवासी श्री संग्राम सिंह की पुत्री गंगोत्री को अपनी पढ़ाई से संबंधित छात्रवृत्ति का आवेदन भरने के लिए आय प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। छात्रवृत्ति आवेदन की प्रक्रिया पूरी करने के लिए यह दस्तावेज जरूरी होने के कारण परिवार को इसे शीघ्र प्राप्त करने की चिंता थी। ऐसे समय में राज्य शासन की सेवा सेतु पहल उनके लिए मददगार साबित हुई।
गंगोत्री के पिता श्री संग्राम सिंह ने आय प्रमाण पत्र बनवाने के लिए ग्राम पंचायत बस्ती, ब्लॉक पेंड्रा रोड स्थित स्थानीय सेवा सेतु केंद्र धनश्याम कंप्यूटर्स एंड चॉइस सेंटर में संपर्क किया। केंद्र के संचालक श्री धनश्याम सोनी ने उनकी आवश्यकता को समझते हुए तत्परता दिखाई और आय प्रमाण पत्र के लिए आवश्यक ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी की। इसके परिणामस्वरूप गंगोत्री को महज एक दिन में आय प्रमाण पत्र प्राप्त हो गया।
समय पर आवश्यक दस्तावेज मिलने से गंगोत्री के छात्रवृत्ति आवेदन की राह आसान हो गई। परिवार को भी बड़ी राहत मिली। आय प्रमाण पत्र प्राप्त होने पर गंगोत्री के पिता श्री संग्राम सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सेवा सेतु केंद्र द्वारा प्रदान की गई त्वरित सुविधा की सराहना की। उन्होंने कहा कि आवश्यक दस्तावेज इतनी जल्दी उपलब्ध होने से उनकी बेटी की पढ़ाई से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य समय पर पूरा करने में मदद मिली है।
सेवा सेतु पहल के माध्यम से नागरिकों को उनके निवास क्षेत्र के आसपास ही विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने की व्यवस्था को बढ़ावा मिल रहा है। इससे विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों, किसानों, महिलाओं और आम नागरिकों को आवश्यक प्रमाण पत्र एवं अन्य दस्तावेज प्राप्त करने में सुविधा हो रही है। स्थानीय स्तर पर सेवाओं की उपलब्धता से लोगों के समय और संसाधनों की बचत के साथ शासकीय कार्यों में सुगमता भी बढ़ रही है।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में गंगोत्री को मात्र एक दिन में आय प्रमाण पत्र मिलने की यह सफलता की कहानी दर्शाती है कि शासन की जनहितैषी पहल किस प्रकार आम नागरिकों की छोटी लेकिन महत्वपूर्ण आवश्यकताओं को समय पर पूरा करने में सहायक बन रही है। सेवा सेतु जैसी व्यवस्थाएं सुशासन की अवधारणा को धरातल पर साकार करते हुए शासन की सेवाओं को आमजन के और करीब ला रही हैं।