Home देश-दुनिया मन की बात: PM मोदी ने बताया विकसित भारत का ‘महामंत्र’, युवाओं और क्रिकेट फैंस के लिए कही बड़ी बात

मन की बात: PM मोदी ने बताया विकसित भारत का ‘महामंत्र’, युवाओं और क्रिकेट फैंस के लिए कही बड़ी बात

by admin

नईदिल्ली(ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 132वें एपिसोड के जरिए देशवासियों को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने दुनिया भर में मची उथल-पुथल, पश्चिम एशिया में चल रहे भीषण युद्ध और इसके कारण पैदा हो रहे पेट्रोल-डीजल के संकट पर खुलकर बात की। उन्होंने देशवासियों को अफवाहों से बचने की सख्त हिदायत देते हुए कई अन्य अहम मुद्दों पर भी चर्चा की, जिनमें जम्मू-कश्मीर की ऐतिहासिक खेल सफलता, युवाओं की भागीदारी, पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य जैसे विषय शामिल रहे।

खाड़ी देशों के युद्ध से दुनिया भर में गहराया ऊर्जा संकट

कार्यक्रम की शुरुआत में ही पीएम मोदी ने वैश्विक हालात पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि कोविड महामारी के बाद दुनिया को प्रगति की राह पर आगे बढ़ना था, लेकिन अलग-अलग हिस्सों में युद्ध के हालात बन गए। उन्होंने पश्चिम एशिया में बीते एक महीने से चल रहे भीषण युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि वहां हमारे लाखों भारतीय काम करते हैं। पीएम ने खाड़ी देशों का विशेष आभार जताया जो वहां रह रहे एक करोड़ से ज्यादा भारतीयों की हर प्रकार से मदद कर रहे हैं। उन्होंने आगाह किया कि युद्ध वाला यह क्षेत्र हमारी ऊर्जा आवश्यकताओं का एक बहुत बड़ा केंद्र है, जिसकी वजह से पूरी दुनिया में पेट्रोल और डीजल को लेकर भारी संकट पैदा हो रहा है।

ऊर्जा संकट पर राजनीति न करें, अफवाहों से रहें पूरी तरह सावधान

पेट्रोल-डीजल के संकट के बीच पीएम मोदी ने देशवासियों को भरोसा दिलाया कि भारत अपनी बढ़ती क्षमता और मजबूत वैश्विक संबंधों के दम पर इस चुनौती का डटकर मुकाबला कर रहा है। उन्होंने लोगों से एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि इस संवेदनशील विषय पर किसी को भी राजनीति नहीं करनी चाहिए क्योंकि यह 140 करोड़ देशवासियों के भविष्य और हित से जुड़ा मुद्दा है। पीएम ने सख्त लहजे में कहा कि जो लोग अफवाह फैला रहे हैं, वे दरअसल देश का भारी नुकसान कर रहे हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि वे सिर्फ सरकार द्वारा दी जा रही आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करें और किसी भी तरह के भ्रम में न आएं।

पांडुलिपियों को सहेजने की मुहिम और ‘माई भारत’ से जुड़ रहे युवा

प्रधानमंत्री ने देश की प्राचीन और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के लिए ‘ज्ञान भारतम’ अभियान का जिक्र किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने पास मौजूद पुरानी पांडुलिपियों (manuscripts) की जानकारी और तस्वीरें ‘ज्ञान भारतम ऐप’ पर जरूर साझा करें। इसके साथ ही युवाओं की ताकत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और ‘माई भारत’ संगठन युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभा रहा है। पीएम ने विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर निबंध और सुझावों के माध्यम से अपने बेबाक विचार साझा करने वाले युवाओं की जमकर सराहना की।

जम्मू-कश्मीर की रणजी जीत ने भरा जोश, पीएम ने दिया फिटनेस का खास मंत्र

खेल जगत की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने टी20 विश्व कप की जीत और जम्मू-कश्मीर की क्रिकेट टीम द्वारा लंबे समय बाद रणजी ट्रॉफी जीतने पर असीम खुशी जाहिर की। उन्होंने कप्तान पारस डोगरा के अद्भुत कौशल और 60 विकेट लेने वाले युवा गेंदबाज आकिब की विशेष तारीफ करते हुए कहा कि इससे कश्मीर के युवाओं में खेलों के प्रति गजब का उत्साह बढ़ा है। वहीं, स्वास्थ्य को लेकर पीएम ने याद दिलाया कि योग दिवस में अब 100 दिन से भी कम समय बचा है। उन्होंने देशवासियों को अपनी फिटनेस पर ध्यान देने की सलाह देते हुए रोजमर्रा के खाने में कम से कम 10 प्रतिशत तेल और चीनी की कटौती करने का मंत्र दिया ताकि मोटापे और गंभीर बीमारियों से बचा जा सके।

जल संचय, पर्यावरण का विश्व रिकॉर्ड और घर-घर पहुंच रही सौर ऊर्जा

गर्मियों की शुरुआत के साथ ही पीएम ने जल संचय अभियान और तालाबों की साफ-सफाई पर विशेष जोर दिया। मछुआरों को आत्मनिर्भर भारत की नींव बताते हुए पीएम ने कहा कि मौसम की मार से बचाने के लिए अब आधुनिक तकनीक के जरिए उनकी जिंदगी को आसान बनाया जा रहा है। पर्यावरण संरक्षण पर बात करते हुए उन्होंने उत्तर प्रदेश के वाराणसी का उदाहरण दिया, जहां महज एक घंटे में 2 लाख 51 हजार से अधिक पौधे लगाकर नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया है। अंत में पीएम मोदी ने ‘पीएम सूर्यघर बिजली योजना’ की भारी सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि आज देश के किसी भी छोटे कोने में चले जाएं, घरों की छतों पर सोलर पैनल नजर आ ही जाते हैं, जो बदलते और आत्मनिर्भर होते भारत का सबसे बड़ा प्रतीक है।

Share with your Friends

Related Posts