नईदिल्ली(ए)। पेट्रोलियम मंत्रालय ने रविवार को स्पष्ट किया है कि देश में घरेलू एलपीजी सिलिंडरों की आपूर्ति सामान्य है। शनिवार को 55 लाख से अधिक एलपीजी सिलिंडर वितरित किए गए। इसके साथ ही 64,000 पांच किलोग्राम के फ्री-ट्रेड सिलिंडरों की बिक्री भी हुई। मंत्रालय के अनुसार, किसी भी एलपीजी वितरक पर स्टॉक खत्म होने (ड्राई-आउट) की कोई रिपोर्ट नहीं है।
ऑनलाइन बुकिंग में बढ़ोतरी
उद्योग स्तर पर एलपीजी सिलेंडरों की ऑनलाइन बुकिंग 94 प्रतिशत तक बढ़ गई है। वितरकों के स्तर पर किसी भी तरह के विचलन को रोकने के लिए, डिलीवरी प्रमाणीकरण कोड (डीएसी) आधारित डिलीवरी का प्रतिशत फरवरी में 53 प्रतिशत से बढ़कर 84 प्रतिशत हो गया है।
रिफाइनरियां उच्च क्षमता पर कर रहीं काम
सरकार की ओर से बताया गया है कि सभी रिफाइनरियां उच्च क्षमता पर काम कर रही हैं और कच्चे तेल के पर्याप्त भंडार मौजूद हैं। देश में पेट्रोल और डीजल का भी पर्याप्त स्टॉक बना हुआ है। घरेलू खपत का समर्थन करने के लिए रिफाइनरियों से घरेलू एलपीजी उत्पादन बढ़ाया गया है। देश भर में सभी पेट्रोल पंप सामान्य रूप से काम कर रहे हैं।
सरकार ने उपभोक्ताओं से की क्या अपील?
सरकार ने उपभोक्ताओं से एलपीजी बुकिंग ऑनलाइन करने और एलपीजी वितरकों के पास जाने से बचने का आग्रह किया है। नागरिकों से वैकल्पिक ईंधनों जैसे पीएनजी और इंडक्शन/इलेक्ट्रिक कुकटॉप का उपयोग करने का भी अनुरोध किया गया है। सरकार ने कहा कि सभी नागरिकों से अनुरोध है कि वे अपने दैनिक उपयोग में ऊर्जा संरक्षण के लिए आवश्यक प्रयास करें।
6,000 पीएनजी ग्राहकों ने छोड़ा एलपीजी कनेक्शन
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस सचिव नीरज मित्तल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “कल तक लगभग 6000 पीएनजी उपभोक्ताओं ने अपना एलपीजी कनेक्शन छोड़ दिया। उन्हें बहुत-बहुत धन्यवाद! आप भी उन नेक नागरिकों के इस मजबूत और साहसी समूह में शामिल हों, जिन्होंने बिना पीएनजी वाले लोगों को एलपीजी दिलाने में मदद करने के लिए एलपीजी कनेक्शन का उपयोग बंद कर दिया है।”