नईदिल्ली(ए)। सावन माह में कांवड़ यात्राओं का दौर जारी है। जगह-जगह पर कांवड़ यात्रियों के आराम करने के कैंप लगाए गए हैें तो आम जनता के द्वारा अलग-अलग स्थानों पर उनका स्वागत किया जा रहा है। यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार ने कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत करने का निर्देश दिया है। कई जगहों पर अधिकारी भी कांवड़ियों की सेवा करते देखे जा रहे हैं। पूरे कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, साफ-सफाई और सुविधाओं को उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। कांवड़ियों के स्वागत का यह यूपी मॉडल देश के दूसरे राज्यों में भी अपनाया जा रहा है।
उत्तराखंड सरकार ने भी कांवड़ियों की सुविधाओं का पूरी तरह ध्यान रखने की बात कही है तो दिल्ली में लगभग एक दर्जन विशेष द्वार बनाकर कांवड़ियों का स्वागत किया जा रहा है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्वयं भी कांवड़ियों का स्वागत किया है तो दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कांवड़ियों से मुलाकात कर उनकी सुविधाओं का जायजा लिया है।
कांवड़ यात्रियों के साथ कई बार अभद्रता किए जाने की घटनाएं सामने आई हैं। कई बार भोजन को लेकर भी कांवड़ियों और स्थानीय दुकानदारों के बीच विवाद होने की घटनाएं हुई हैं। इसे ध्यान में रखते हुए यूपी सरकार और प्रशासन पूरे कांवड़ यात्रा मार्ग पर सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निगरानी रख रही है। विशेषकर पश्चिमी यूपी के इलाकों में जिन स्थानों से कांवड़ यात्रियों का दल गुजरता है, उन स्थानों पर विशेष सतर्कता रखी जा रही है जिससे कोई अप्रिय घटना न घटने पाए। कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा को लेकर स्वयं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक ने निरीक्षण किया है। पुलिस के उच्च अधिकारी भी स्वयं इन मार्गों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। किसी अप्रिय घटना के होने की स्थिति में तुरंत सहायता पहुंचाने और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए क्विक रिस्पांस टीमें भी गठित की गई हैं। सुरक्षा में जुटे अधिकारी कांवड़ियों से स्वयं अराजक तत्वों से सावधान रहने की अपील कर रहे हैं तो कांवड़ियों के वेश में कोई अपराधी तत्व कोई उपद्रव न कर सके, इसके लिए भी सतर्कता रखी जा रही है।
फर्जी सूचना फैलने से कई बार अप्रिय स्थिति बन जाती है। कांवड़ यात्रियों के मार्ग पर सुरक्षा और खानपान को लेकर कोई गलतफहमी न पैदा की जा सके, इसके लिए सोशल मीडिया पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। इसके लिए सरकार की सोशल मीडिया टीमों से लेकर पुलिस की नजर भी बनी हुई है। सरकार ने कांवड़ यात्रा मार्गों पर किसी अप्रिय स्थिति को टालने के लिए इन मार्गों पर मांस-मदिरा की बिक्री को को बंद करा दिया गया है।
कांवड़ यात्रा और कांवड़ यात्रियों के विषय में विपक्ष के कुछ नेताओं ने आपत्तिजनक बयानबाजी की है। इस पर भाजपा ने कड़ा रुख अपनाया है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने अमर उजाला से कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि हिंदू समुदाय की धार्मिक भावनाओं के विरुद्ध लगातार इस तरह की बयानबाजी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के कुछ नेता हिंदू समुदाय के कार्यक्रमों के विरुद्ध इस तरह की टिप्पणी कर अपना वोट बैंक मजबूत करने का काम करते हैं। उन्होंने इसे देश की शांति-सुरक्षा के लिए गलत बताया।