रायपुर। छत्तीसगढ़ में विधानसभा के मानसून सत्र से पहले राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। आज रविवार को प्रदेश की दोनों प्रमुख राजनीतिक पार्टियों के विधायक दल की बैठकें प्रस्तावित हैं। राजधानी रायपुर में भी दिनभर विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का दिनभर का कार्यक्रम भी काफी व्यस्त रहेगा। सीएम साय दोपहर 1:30 बजे मुख्यमंत्री निवास से रवाना होकर 1:40 बजे एक निजी होटल में आयोजित छत्तीसगढ़ वैष्णव ब्राह्मण समाज की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में शामिल होंगे। बैठक के बाद वे दोपहर 2:40 बजे मुख्यमंत्री निवास लौट आएंगे।
शाम को मुख्यमंत्री भाजपा विधायकों की अहम बैठक में हिस्सा लेंगे और फिर रात 7 बजे नवा रायपुर स्थित नए मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे। विधानसभा सत्र से पहले यह बैठकें अहम मानी जा रही हैं, जिनमें रणनीति और आगामी सत्र की रूपरेखा पर चर्चा की जाएगी।