Home देश-दुनिया यह हर उस भारतीय का अपमान, जो मां को ईश्वरतुल्य मानता है, धर्मेंद्र प्रधान का विपक्ष पर पलटवार

यह हर उस भारतीय का अपमान, जो मां को ईश्वरतुल्य मानता है, धर्मेंद्र प्रधान का विपक्ष पर पलटवार

by admin

नईदिल्ली(ए)। बिहार में मतदाता अधिकार यात्रा के दौरान राहुल गांधी द्वारा पीएम मोदी को लेकर दिए गए विवादित बयान को लेकर नई सियासी बहस छिड़ गई है। भाजपा और एनडीए के कई नेताओं जैसे धर्मेंद्र प्रधान और चिराग पासवान ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को आड़े हाथों लिया है। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने राहुल गांधी की आलोचना करते हुए कहा कि राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री मोदी की मां को लेकर अभद्र भाषा का प्रयोग करना निंदनीय और शर्मनाक है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि ये भाषा राहुल गांधी और तेजस्वी यादव सहित पूरे इंडी गठबंधन की प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ नफरत की पराकाष्ठा को दिखाता है। राजद-कांग्रेस के चुनावी मंच से आई ये घृणित टिप्पणी बिहार सहित पूरे देश के हर उस भारतीय का अपमान है, जो अपनी मां को ईश्वरतुल्य मानते हैं।

उन्होंने अपनी पोस्ट में आगे लिखा कि बिहार को अपमानित करने वालों को बढ़ावा देने के बाद अपने निजी आक्रोश और नफरत में प्रधानमंत्री की दिवंगत माताजी के खिलाफ ऐसी भाषा, इन नेताओं और दलों की खोखली मानसिकता और चरम निराशा का प्रमाण है। लगातार जनता से आशीर्वाद और समर्थन न मिल पाने की हताशा अब इन नेताओं की भाषा और आचरण से साफ झलक रही है। बिहार की जनता सब देख रही है। पहले बिहार को अपमानित करने और अब प्रधानमंत्री की माताजी को लेकर इस असंवेदनशील व अमर्यादित व्यवहार का जवाब जनता अपने वोट की चोट से देगी।

केंद्रीय मंत्री बोले– राहुल विपक्ष के नेता बनने लायक नहीं
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने बृहस्पतिवार को बयान जारी कर कहा कि राहुल गांधी विपक्ष के नेता बनने के योग्य नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस मंच से प्रधानमंत्री और उनकी माता के सम्मान पर चोट की गई, उस पर कांग्रेस और राजद नेताओं ने चुप्पी साध रखी है। यह बताता है कि विपक्ष, वोटर अधिकार यात्रा के नाम पर प्रधानमंत्री का अपमान कर रहा है।

जेपी नड्डा ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस की तथाकथित वोट अधिकार यात्रा में जिस तरह से कांग्रेस-आरजेडी के मंच से देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की दिवंगत माता जी को गाली दी गई, वह घोर निंदनीय और भर्त्सनीय है। यह अभद्रता की सारी सीमा लांघ चुके दो शहजादों का बिहार की धरती पर बिहार की संस्कृति का तिरस्कार भी है। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को अविलंब इस कुकृत्य के लिए अविलंब माफी मांगनी चाहिए।

देवेंद्र फडणवीस बोले- राहुल गांधी का दिमाग चोरी हो गया
वहीं, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी राहुल गांधी की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि मैं स्पष्ट रूप से कह रहा हूं कि राहुल गांधी का दिमाग चोरी हो गया है। आगे तंज कसते हुए उन्होंने सवाल किया कि आपको राष्ट्रीय नेता कहा जाता है, और फिर आप ऐसी बातें करते हैं। आपको राष्ट्रीय नेता कहलाने का क्या अधिकार है?

चिराग पासवान ने भी याद दिलाई भाषा की मर्यादा
वहीं, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि राजनीति में मतभेद होना स्वाभाविक है। भारत जैसे विविधतापूर्ण लोकतंत्र में, हर किसी की अपनी राय और वोट होता है, लेकिन मतभेदों के कारण भाषा की गरिमा को कम नहीं किया जा सकता। भारतीय भाषाओं में शब्दों का इतना अच्छा संग्रह है कि गरिमामय शब्दों का प्रयोग करके तीखे प्रहार किए जा सकते हैं। देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग कोई भी बर्दाश्त नहीं कर सकता। अगर आपको प्रधानमंत्री के काम और सरकार की नीतियों से कोई समस्या है, तो आप ऐसा कर सकते हैं। लेकिन आप प्रधानमंत्री के परिवार के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग नहीं कर सकते, जो सार्वजनिक जीवन से दूर हैं। उन्होंने स्थानीय गुंडों की तरह बात की है, यह राजद की परंपरा है, जिसने 1990 के दशक से हमारे बिहार को बदनाम किया है।

Share with your Friends

Related Posts