Home खेल T20 वर्ल्ड कप में भारत के साथ मैच नहीं खेलेगा पाकिस्तान, सरकार ने सुनाया बड़ा फैसला

T20 वर्ल्ड कप में भारत के साथ मैच नहीं खेलेगा पाकिस्तान, सरकार ने सुनाया बड़ा फैसला

by admin

नई दिल्ली(ए)। पाकिस्तानी सरकार ने आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भाग लेने के लिए पाकिस्तान क्रिकेट टीम को मंजूरी दे दी है। हालांकि, इस मंजूरी के साथ सरकार ने एक अहम शर्त रखी है। सरकारी आदेश के अनुसार पाकिस्तान की टीम 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले में हिस्सा नहीं लेगी। इसका मतलब है कि पाकिस्तान टूर्नामेंट में खेल तो करेगा, लेकिन भारत-पाकिस्तान मुकाबले से दूरी बनाएगा।

गवर्नमेंट ऑफ पाकिस्तान ने इस बारे में आधिकारिक X हैंडल से ट्वीट किया, जिसमें लिखा गया “इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ पाकिस्तान की सरकार आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भाग लेने के लिए पाकिस्तान क्रिकेट टीम को मंजूरी देती है, हालांकि 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ निर्धारित मैच नहीं खेला जाएगा।”

विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) पर दबाव बनाने और आर्थिक रूप से नुकसान पहुंचाने की रणनीति का हिस्सा हो सकता है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने हाल ही में प्रेस कॉन्फ्रेंस में आईसीसी पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि संस्था बीसीसीआई के प्रभाव में काम कर रही है।

आईसीसी को अभी नहीं मिली आधिकारिक सूचना
सूत्रों के अनुसार, आईसीसी को अभी तक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की ओर से इस मामले में कोई लिखित सूचना नहीं मिली है। आईसीसी की तरफ से किसी भी तरह की कार्रवाई या प्रतिबंध तभी तय होगा जब पीसीबी आधिकारिक तौर पर जानकारी देगा।

पीएम शहबाज शरीफ और नकवी की बैठक के बाद फैसला
यह घोषणा उस महत्वपूर्ण बैठक के कुछ ही मिनटों बाद आई, जो पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी के बीच हुई थी। इससे पहले नकवी ने कहा था कि टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की भागीदारी पर अंतिम फैसला 30 जनवरी या 2 फरवरी तक लिया जाएगा।

गौरतलब है कि पाकिस्तान ने टूर्नामेंट में अपनी भागीदारी पर दोबारा विचार तब शुरू किया, जब आईसीसी ने पिछले महीने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल करने की घोषणा की। यह निर्णय उस समय लिया गया, जब बांग्लादेश ने भारत दौरे से इनकार कर दिया था।

Share with your Friends

Related Posts