रायपुर। प्रदेश सरकार द्वारा आमजन को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने एवं उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से आयोजित सुशासन तिहार लोगों के लिए लाभकारी साबित हो रहा है। इस अभियान के माध्यम से जहां नागरिकों को उनकी समस्याओं का समाधान मिल रहा है, वहीं विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी प्रभावी ढंग से पहुंचाई जा रही है। इसी क्रम में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना प्रदेशवासियों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है। योजना के लाभों की जानकारी मिलने के बाद लोग बड़ी संख्या में इससे जुड़ने में रुचि दिखा रहे हैं।
इसी कड़ी में रायगढ़ जिले के तमनार विकासखंड अंतर्गत ग्राम कुंजेमुरा में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में विद्युत विभाग द्वारा लगाए गए पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना संबंधी स्टॉल आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। शिविर में सौर पैनल मॉडल, प्रदर्शनी एवं जानकारीपरक सामग्री के माध्यम से ग्रामीणों को रूफटॉप सोलर संयंत्र के लाभ, बिजली बचत और पर्यावरण संरक्षण के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं कलेक्टर ने विद्युत विभाग के स्टॉल का अवलोकन कर योजना की प्रगति तथा लाभार्थियों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिक से अधिक पात्र परिवार इसका लाभ ले सकें और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग के लिए प्रेरित हों।
विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का उद्देश्य घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित कर नागरिकों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना है। योजना के तहत विभिन्न क्षमता के सोलर प्लांट पर आकर्षक सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, 1 किलोवॉट क्षमता के सोलर प्लांट से प्रतिमाह औसतन 120 यूनिट बिजली उत्पादन संभव है, जिस पर केंद्र सरकार से 30 हजार रुपए एवं राज्य सरकार से 15 हजार रुपए, कुल 45 हजार रुपए की सहायता मिलती है। इसी प्रकार 2 किलोवॉट क्षमता के प्लांट पर कुल 90 हजार रुपए तथा 3 किलोवॉट क्षमता के प्लांट पर कुल 1 लाख 8 हजार रुपए तक की सब्सिडी प्रदान की जाती है।
योजना के लिए उपभोक्ता स्वयं पीएम सूर्य घर के ऑनलाइन पोर्टल, पीएम सूर्य घर मोबाइल ऐप, मोर बिजली ऐप अथवा बिजली कंपनी के टोल फ्री नंबर 1912 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
शिविर में बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों ने योजना के प्रति उत्साह दिखाते हुए सोलर पैनल स्थापना, सब्सिडी एवं आवेदन प्रक्रिया से संबंधित जानकारी प्राप्त की। विद्युत विभाग द्वारा मौके पर ही लोगों को आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया गया।