रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र 14 अप्रैल से शुरू होने जा रहा है। कुल 5 बैठकें निर्धारित की गई हैं। सत्र को लेकर सत्ताधारी भाजपा पूरी तरह तैयार है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्पष्ट किया है कि विपक्ष के हर सवाल का सत्ता पक्ष मजबूती से जवाब देगा।
कांग्रेस विधायकों द्वारा खाद की कमी और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी की जा रही है। इसे लेकर भाजपा विधायक दल की बैठक आज आयोजित की जा रही है, जिसमें सत्र के लिए रणनीति तय की जाएगी।
सीएम विष्णुदेव साय ने DAP खाद की कमी को लेकर कहा कि यह समस्या केवल छत्तीसगढ़ में नहीं, पूरे देश में है। उन्होंने बताया कि DAP का उत्पादन उसकी खपत के अनुसार नहीं हो पा रहा है। इसके आयात में कमी का कारण रूस-यूक्रेन युद्ध है। हालांकि, सरकार ने इसके विकल्प के रूप में NPK खाद को बढ़ावा देने की योजना बनाई है ताकि किसानों को दिक्कत न हो।
भाजपा विधायक गुरु खुशवंत साहेब पर हमले की घटना पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने स्वयं विधायक से बात की है। मामले की जांच चल रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। सीएम ने यह भी कहा कि फिलहाल साजिश की कोई संभावना नहीं लगती, लेकिन जांच के बाद सबकुछ स्पष्ट होगा।