Home छत्तीसगढ़ गृहमंत्री अमित शाह 400 अत्याधुनिक नेक्स्ट जेन सीजी डायल 112 वाहन का करेंगे शुभारंभ

गृहमंत्री अमित शाह 400 अत्याधुनिक नेक्स्ट जेन सीजी डायल 112 वाहन का करेंगे शुभारंभ

विभिन्न उच्च स्तरीय कार्यक्रमों में होंगे शामिल

by admin

रायपुर। प्रदेश में आपातकालीन सेवाओं को और अधिक आधुनिक, त्वरित एवं नागरिक केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में नेक्स्ट जेन सीजी डायल 112 इंटीग्रेटेड इमरजेंसी रिस्पॉन्स सपोर्ट सिस्टम (ईआरएसएस 2.0) का शुभारंभ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर चलित फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी एवं 400 अत्याधुनिक डायल 112 वाहन का भी शुभारंभ किया जाएगा।

कार्यक्रम की तैयारियों के तहत प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा ने आज कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रम की सभी तैयारियां समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

नेक्स्ट जेन सीजी डायल 112 प्रदेश में तकनीक आधारित सुशासन की दिशा में एक अभिनव पहल है, जिसके माध्यम से पुलिस सेवा, फायर सर्विस, मेडिकल इमरजेंसी सहायता, महिला हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन, आपदा प्रबंधन सहायता तथा हाईवे इमरजेंसी जैसी सेवाओं को एकीकृत मंच पर उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे नागरिकों को त्वरित एवं समन्वित सहायता सुनिश्चित हो रही है।

इस उन्नत प्रणाली में केंद्रीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर, जीपीएस आधारित इमरजेंसी रिस्पॉन्स वाहन, जीआईएस आधारित रियल टाइम मॉनिटरिंग, ऑटोमेटिक कॉल लोकेशन पहचान प्रणाली तथा तकनीक सक्षम डिस्पैच प्रबंधन जैसी आधुनिक सुविधाएं शामिल हैं। नई व्यवस्था के माध्यम से अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, सड़क दुर्घटना प्रतिक्रिया, चिकित्सकीय सहायता तथा जन-संकट की परिस्थितियों में और अधिक प्रभावी सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।

प्रदेश में संचालित डायल 112 सेवा वर्ष 2018 से अब तक लाखों नागरिकों को आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता प्रदान कर चुकी है तथा वर्तमान में इसकी सेवाएं 16 जिलों तक सीमित थी अब यह प्रदेश के सभी 33 जिलों तक विस्तारित हो जायेगी।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री  अमित शाह का दो दिवसीय महत्वपूर्ण छत्तीसगढ़ दौरा कल से; 18 और 19 मई को विभिन्न उच्च स्तरीय कार्यक्रमों में होंगे शामिल
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह कल यानी 18 मई 2026 से छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय महत्वपूर्ण प्रवास पर रहेंगे। इस उच्च स्तरीय दौरे के दौरान गृह मंत्री सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, जन-सुविधाओं का विस्तार करने, स्थानीय समाज से सीधा संवाद करने के साथ-साथ दोनों दिन विभिन्न शीर्ष नीतिगत और प्रशासनिक बैठकों का नेतृत्व करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, केन्द्रीय गृह मंत्री अपने दौरे के पहले दिन, कल सुबह 10:15 बजे रायपुर स्थित पुलिस ट्रेनिंग स्कूल के परेड ग्राउंड से राज्य की आपातकालीन सेवा ‘डायल 112’ के नए आधुनिक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके तुरंत बाद वे बस्तर जिले के नेतानार के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां सुबह 11:45 बजे सुदूर अंचलों में शासकीय व डिजिटल सेवाओं को सुलभ बनाने के लिए ‘जन सुविधा केन्द्र’ का भव्य शुभारंभ किया जाएगा।
दोपहर में जगदलपुर पहुंचने पर, गृह मंत्री दोपहर 01:00 बजे अमर वाटिका जाकर देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके पश्चात, दोपहर 02:00 बजे जगदलपुर के बादल (BADAL) अकादमी में एक वृहद संवाद कार्यक्रम का आयोजन होगा, जहां श्री शाह शहीदों के परिजनों, नक्सल मोर्चे पर तैनात CAPF व राज्य के विशेष सुरक्षा बलों, पुलिस अधिकारियों, नक्सल पीड़ितों और स्थानीय विभिन्न समाजों के प्रमुख प्रबुद्ध प्रतिनिधियों से मुलाकात कर जमीनी स्तर पर व्यापक चर्चा करेंगे। इस प्रवास का पहला दिन शाम 06:30 बजे बादल अकादमी में ही आयोजित होने वाले ‘बस्तर के संग’ लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ संपन्न होगा, जिसमें वे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर बस्तर की अनूठी जनजातीय कला और संस्कृति का अवलोकन करेंगे।
अपने दौरे के दूसरे दिन, 19 मई 2026 को केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जगदलपुर में आयोजित होने वाले एक और महत्वपूर्ण और उच्च स्तरीय कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे।
Share with your Friends

Related Posts