नईदिल्ली(ए)। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, मानसून (Monsoon Update) ने अब पूरे भारत को अपने दायरे में ले लिया है। देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में इस समय बारिश (Weather Update) का दौर जारी है।
मौसम विभाग (IMD Rain Alert 10 July) ने कल यानी 10 जुलाई को दिल्ली-एनसीआर समेत देश के 13 प्रमुख राज्यों में भारी बारिश का कड़ा अलर्ट जारी किया है। राहत और चिंता की बात यह है कि देश का ऐसा कोई भी हिस्सा नहीं बचा है, जहां कल हल्की, मध्यम या तेज बारिश की संभावना न जताई गई हो। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, मानसून अब राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के बचे हुए हिस्सों में भी पूरी तरह आगे बढ़ चुका है।
दिल्ली-एनसीआर में बादलों की गर्जना और मध्यम बारिश के आसार
राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों (NCR) में कल यानी 10 जुलाई को मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, सुबह और दोपहर के समय कई स्थानों पर हल्की बारिश जबकि कुछ अलग-अलग इलाकों में मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की जा सकती है। इस दौरान आसमान में बिजली कड़कने की भी आशंका जताई गई है। कल दिल्ली का अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 15 जुलाई तक आफत की बारिश
पहाड़ी राज्यों में मानसूनी बारिश अब लोगों की मुश्किलें बढ़ाने लगी है। उत्तराखंड के कई जिलों में कल भारी से बहुत भारी बारिश होने का ‘ऑरेंज/रेड अलर्ट’ जारी किया गया है। वहीं हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी और ऊंचे इलाकों में भी कल भारी बारिश के आसार जताए गए हैं। मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ों पर बारिश का यह खतरनाक दौर फिलहाल थमने वाला नहीं है और यह स्थिति आगामी 15 जुलाई तक लगातार जारी रहेगी।
उत्तर प्रदेश में व्यापक वर्षा, पश्चिमी और पूर्वी यूपी में कड़ा अलर्ट
उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में बादलों का डेरा है और बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने कल पश्चिमी यूपी के जिलों में बहुत भारी बारिश की प्रबल आशंका व्यक्त की है। दूसरी ओर, पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रों में 13 जुलाई तक व्यापक रूप से बारिश का दौर चलेगा और कल कुछ जगहों पर मूसलाधार बारिश होने का अनुमान है।
हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में बिजली गिरने की चेतावनी
मौसम विभाग ने 10 से 13 जुलाई के बीच हरियाणा के कई जिलों में भारी बारिश होने की बात कही है। पूर्वी राजस्थान, पंजाब और पश्चिमी राजस्थान में 15 जुलाई तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। कल पूर्वी राजस्थान में कुछ जगहों पर आंधी-तूफान के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा, पंजाब और चंडीगढ़ में भी 13 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट रहेगा।
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र का हाल
मध्य भारत की बात करें तो पूर्वी मध्य प्रदेश में कल भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है और यह दौर 15 जुलाई तक खिंच सकता है। छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भी कल बारिश होगी, हालांकि इसके लिए कोई गंभीर अलर्ट नहीं है, लेकिन 13 जुलाई तक आंधी-तूफान और बिजली कड़कने के आसार जरूर हैं। इसके साथ ही, महाराष्ट्र और केरल में भी कल भारी बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया गया है।