Home देश-दुनिया टोल बचाने के लिए ये काम करने वालों की खैर नहीं, देना होगा 8 गुना तक जुर्माना, चालान भी कटेगा अलग से

टोल बचाने के लिए ये काम करने वालों की खैर नहीं, देना होगा 8 गुना तक जुर्माना, चालान भी कटेगा अलग से

by admin

नईदिल्ली(ए)।  नेशनल हाईवे पर बिना रुके सफर की सुविधा देने वाले बैरियर-लेस टोल प्लाजा पर टैक्स चोरी करने के लिए वाहन की नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने वाले चालकों के खिलाफ केंद्र सरकार अब बेहद सख्त रुख अपनाने जा रही है। टोल बचाने के चक्कर में नंबर प्लेट मोड़ने या उस पर टेप व कागज चिपकाकर अंक छिपाने की चालाकी अब वाहन मालिकों की जेब पर बेहद भारी पड़ेगी। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय एक ऐसा कड़ा नियम लागू करने की तैयारी कर रहा है, जिसके तहत पकड़े जाने पर सामान्य टोल शुल्क का 4 से 8 गुना तक भारी-भरकम जुर्माना वसूला जाएगा। इसके लिए मंत्रालय की ओर से नेशनल हाईवे फीस रूल्स में जरूरी संशोधन करने का प्रस्ताव तेजी से तैयार किया जा रहा है।

चालान के साथ-साथ वसूला जाएगा कई गुना टोल, NHAI को मिलेगा सीधा अधिकार

सरकार की इस नई प्रस्तावित व्यवस्था की सबसे बड़ी बात यह है कि यह भारी टोल जुर्माना मोटर व्हीकल एक्ट के तहत लगने वाले सामान्य चालान से बिल्कुल अलग होगा। मौजूदा नियमों के अनुसार, मोटर व्हीकल एक्ट के तहत नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने पर पहली बार पकड़े जाने पर 5000 रुपये और दोबारा गलती दोहराने पर 10000 रुपये तक के चालान का प्रावधान पहले से लागू है, जिसकी वसूली राज्य परिवहन विभाग करता है। लेकिन नया नियम लागू होने के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण यानी NHAI जैसी एजेंसियों को यह सीधा अधिकार मिल जाएगा कि वे नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों से 4 से 8 गुना तक बढ़ा हुआ टोल शुल्क वसूल सकें। यानी नियम तोड़ने वालों को अब दोहरी आर्थिक मार झेलनी पड़ेगी।

AI और हाई-रेजोल्यूशन कैमरों से होगी निगरानी, 2 महीने में लागू होगा नया सिस्टम

टोल चोरी करने वालों को रंगे हाथों पकड़ने के लिए सरकार अत्याधुनिक तकनीक का सहारा लेने जा रही है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, अगले दो महीनों के भीतर देश के प्रमुख टोल प्लाजा पर एक ऐसा स्मार्ट सिस्टम लागू कर दिया जाएगा, जो हाई-रेजोल्यूशन तस्वीरों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI की मदद से चालाकी करने वाले वाहनों की तुरंत पहचान कर लेगा। यह सिस्टम पलक झपकते ही उन गाड़ियों को ट्रैक कर लेगा जिनकी नंबर प्लेट के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ की गई है या फिर कैमरे से बचने के लिए उसके अंकों को छिपाया गया है।

दिल्ली के मुंडका टोल प्लाजा से खुली पोल, HSRP को लेकर सरकार हुई सख्त

गौरतलब है कि देश भर के राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात को सुगम बनाने के लिए बैरियर-लेस टोलिंग सिस्टम लागू किया जा रहा है, ताकि गाड़ियां बिना रुके गुजर सकें और टोल अपने आप कट जाए। लेकिन दिल्ली के मुंडका और अन्य टोल प्लाजा पर यह आधुनिक व्यवस्था शुरू होने के तुरंत बाद NHAI के सामने चौंकाने वाले तथ्य आए। एजेंसी ने पाया कि कई वाहन चालक टोल टैक्स से बचने के लिए जानबूझकर अपनी गाड़ी की नंबर प्लेट मोड़ देते हैं या उस पर कुछ चिपका देते हैं। हालांकि ऐसे वाहन कुल ट्रैफिक का महज 2 से 4 फीसदी ही हैं, लेकिन सरकार का स्पष्ट मानना है कि जब तक शत-प्रतिशत गाड़ियों पर साफ दिखने वाली हाई-सिक्योरिटी नंबर प्लेट यानी HSRP सुनिश्चित नहीं की जाएगी, तब तक राजस्व की इस चोरी पर पूरी तरह लगाम लगाना मुश्किल है।

Share with your Friends

Related Posts