Home देश-दुनिया कार के अंदर बेहोश मिले 2 पुलिसकर्मी, अस्पताल पहुंचते ही मौत, जांच में जुटी पुलिस

कार के अंदर बेहोश मिले 2 पुलिसकर्मी, अस्पताल पहुंचते ही मौत, जांच में जुटी पुलिस

by admin

रामबन(ए)। जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले के बटोट इलाके में मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब जियारत मोड़ के पास सना इलाके में एक कार के अंदर दो पुलिसकर्मी बेहोशी की हालत में मिले। स्थानीय लोगों ने दोनों को तत्काल जिला अस्पताल रामबन पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान हेड कांस्टेबल फरीद अहमद (408/Rbn) और सिलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल मोहम्मद याकूब (309/Rbn) के रूप में हुई है। दोनों रामबन के जिला पुलिस लाइन (DPL) में तैनात थे।

पुलिस के अनुसार, दोनों पुलिसकर्मी एक Fiat Vias कार में बेहोशी की हालत में पाए गए थे। कार पर जम्मू-कश्मीर की नंबर प्लेट लगी हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

फिलहाल दोनों की मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों पुलिसकर्मी कार के अंदर किस परिस्थिति में बेहोश हुए और उनकी मौत कैसे हुई।

दोनों के शव जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी औपचारिकताओं के लिए रखे गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों के पार्थिव शरीर उनके परिवारों को सौंपे जाएंगे।

इससे पहले जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में अनंतनाग-कोकरनाग रोड पर आतंकियों की गोलीबारी में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई थी। अधिकारियों के मुताबिक, गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मी की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई थी। मृतक की पहचान बडगाम निवासी आशिक हुसैन के रूप में हुई थी, जो IRP की तीसरी बटालियन में तैनात थे और यात्रा ड्यूटी पर थे।

आतंकी हमले के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया था। अधिकारियों के मुताबिक, आतंकियों ने सड़क पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाकर गोलीबारी की थी। हालांकि, रामबन में दो पुलिसकर्मियों की मौत की मौजूदा घटना को लेकर अभी तक किसी आतंकी हमले की पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी।

Share with your Friends

Related Posts