Home देश-दुनिया तनाव के बीच ईरान से 311 और भारतीय पहुंचे दिल्ली, अब तक कुल 1428 लोगों की सकुशल वापसी

तनाव के बीच ईरान से 311 और भारतीय पहुंचे दिल्ली, अब तक कुल 1428 लोगों की सकुशल वापसी

by admin

नईदिल्ली(ए)। इस्राइल और ईरान के बीच दिन-प्रतिदिन तनाव और घातक होता हुआ जा रहा है। संघर्ष के बढ़ते स्वरूप को देखते हुए पिछले कई दिनों से ईरान में फंसे भारतीयों को वापस स्वदेश लाने के लिए भारत सरकार की तरफ से चलाया गया ऑपरशन सिंधु जारी है। इसी कड़ी में रविवार को भी एक विशेष उड़ान के जरिए 311 भारतीयों को ईरान के मशहद शहर से दिल्ली लाया गया। इस बारे में जानकारी देते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रंधीर जायसवाल ने बताया कि यह विशेष विमान 22 जून को दोपहर 4:30 बजे दिल्ली पहुंचा। साथ ही उन्होंने बताया कि इस खेप के साथ अबतक ऑपरेशन सिंधु के तहत कुल 1,428 भारतीयों की सुरक्षित घर वापसी हो चुकी है।

भारत का ऑपरेशन सिंधु
बता दें कि भारत ने यह ऑपरेशन तब शुरू किया जब ईरान और इस्राइल के बीच मिसाइल और ड्रोन हमलों में लगातार बढ़ोतरी होने लगी। भारतीय नागरिकों को मशहद (ईरान), येरेवन (आर्मेनिया) और अशगबत (तुर्कमेनिस्तान) जैसे शहरों से विशेष चार्टर्ड फ्लाइट्स के जरिए भारत लाया जा रहा है।

शुक्रवार को ईरान ने दी थी अनुमति
बढ़ते तनाव के बीच बीते शुक्रवार को ईरान ने विशेष रूप से भारत के लिए अपने हवाई क्षेत्र से तीन चार्टर्ड फ्लाइट्स को उड़ान भरने की अनुमति दी थी। जिसके बाद भारत सरकार ने बचाव के लिए ऑपरेशन सिंधु चलाया। इसके तहत पहली फ्लाइट शुक्रवार देर रात दिल्ली पहुंची, जिसमें 290 भारतीय थे।

वहीं दूसरी फ्लाइट शनिवार को दोपहर 310 भारतीयों को लेकर पहुंची थी। हालांकि इससे पहले, गुरुवार को भी आर्मेनिया की राजधानी येरेवन से और शनिवार सुबह अशगबत से विशेष फ्लाइट्स के जरिए भी नागरिकों को लाया गया।

ईरान और इस्राइल के बीच अमेरिका की सीधी एंट्री
गौरतलब है कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर बीते 13 जून को इस्राइल ने ईरान पर जबरदस्त हमला किया। इसके बाद ईरान ने भी जबरदस्त पलटवार किया। देखते ही देखते दोनों देशों के बीच जारी संघर्ष के आज नौ दिन हो गए, लेकिन ये तनाव घटने के बजाय और तेज होता हुआ दिख रहा है। दूसरी ओर इस संघर्ष में एक नया मोड़ तब आ गया जब जारी बातचीत बीच अमेरिका ने ईरान पर हमला किया।

अमेरिका ने ईरान के परमाणु ठिकाने किए तबाह
रविवार सुबह अमेरिका ने ईरान के तीन प्रमुख परमाणु ठिकानों फोर्दो, नतांज और इस्फहान पर हमला किया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ये ठिकाने पूरी तरह नष्ट कर दिए गए हैं। जवाब में ईरान ने अमेरिका को इसके गंभीर और स्थायी परिणाम भुगतने की चेतावनी दी है।

ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिका पर अंतरराष्ट्रीय कानूनों और संयुक्त राष्ट्र चार्टर के उल्लंघन का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि यह हमला शांतिपूर्ण परमाणु कार्यक्रम पर किया गया है।

Share with your Friends

Related Posts