Home छत्तीसगढ़  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप शिक्षा में हुआ सुधार, बच्चों को मिले विषय विशेषज्ञ शिक्षक

 मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप शिक्षा में हुआ सुधार, बच्चों को मिले विषय विशेषज्ञ शिक्षक

by admin

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप जिले में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए शालाओं एवं शिक्षकों का युक्तियुक्तकरण किया गया है। इस प्रक्रिया के अंतर्गत अब विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या के अनुसार शिक्षकों की पदस्थापना सुनिश्चित की जा रही है, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार आया है।

मुंगेली जिला कलेक्टर के मार्गदर्शन में जिले की 95 एकल शिक्षकीय शालाओं में 129 अतिरिक्त शिक्षक पदस्थ किए गए हैं। इस पहल से अब बच्चों को विषयवार शिक्षा प्राप्त हो रही है और शिक्षण की गुणवत्ता में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है।
इसी प्रकार अचानकमार टाइगर रिजर्व क्षेत्र के 31 विद्यालयों में 46 शिक्षकों की नियुक्ति की गई है। इसके परिणामस्वरूप अब इन दुर्गम अंचलों के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की सुविधा उपलब्ध हो गई है।

जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि युक्तियुक्तकरण के तहत 05 शिक्षकविहीन प्राथमिक शालाओं में 13 शिक्षक पदस्थ किए गए हैं। इसमें प्राथमिक शाला घुठेली में 04, प्राथमिक शाला बासीन में 02, प्राथमिक शाला पकरिया में 03, प्राथमिक शाला दानवखार में 02 और प्राथमिक शाला रंजकी में 02 शिक्षक पदस्थ किए गए। वहीं 03 उच्च स्तर की शालाओं में 09 शिक्षक नियुक्त किए गए हैं, जिनमें पूर्व माध्यमिक शाला अचानकमार, हाईस्कूल मुंडादेवरी और हाईस्कूल पथरगढ़ी में 03-03 शिक्षक की पदस्थापना की गई है।

युक्तियुक्तकरण के इस प्रभावी क्रियान्वयन से न केवल शिक्षकों की कमी दूर हुई है, बल्कि बच्चों को विषय विशेषज्ञ शिक्षक भी उपलब्ध हुए हैं। इसके चलते विद्यार्थियों की बोध क्षमता और संज्ञानात्मक कौशल में सकारात्मक बदलाव आया है। ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों के बच्चे अब अपने ही गांव में बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, जिससे उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में ठोस कदम बढ़ाया गया है।

Share with your Friends

Related Posts