
नईदिल्ली(ए)। देश के अधिकांश हिस्सों में कड़ाके की ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पहाड़ी इलाकों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। शीतलहर के साथ-साथ घने कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिमी, मध्य, पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत में अगले 5 से 7 दिनों तक सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक 7 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और छत्तीसगढ़ में शीतलहर चलने की आशंका है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, मध्य प्रदेश और पंजाब में बहुत घना कोहरा रहने का अनुमान है।
कई राज्यों में घने कोहरे की चेतावनी
अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, बिहार, हिमाचल प्रदेश, जम्मू क्षेत्र, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है, जिससे यातायात पर असर पड़ सकता है।
उत्तर प्रदेश में अगले 48 घंटों के दौरान तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। हालांकि दिन में धूप निकलने से कुछ राहत मिल रही है, लेकिन सुबह-शाम ठंड और गलन बनी हुई है। बिहार के कई जिलों में 10 जनवरी तक कोल्ड डे जैसी स्थिति बने रहने की आशंका है, जिससे ठंड से फिलहाल राहत के आसार नहीं हैं।
राजस्थान के जयपुर सहित कई जिलों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। अधिकांश जिलों में तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया जा रहा है और शीतलहर का प्रकोप जारी है। वहीं मध्य प्रदेश में भी सुबह के समय घना कोहरा और तेज ठंड लोगों को परेशान कर रही है।
जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में सर्दी चरम पर
जम्मू-कश्मीर में न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट के चलते शीतलहर तेज हो गई है। ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में पाला और हल्की बर्फबारी देखी जा रही है, जबकि मैदानी इलाकों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली-एनसीआर में कोहरे से कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन ठंड और गलन बरकरार है। दिन में धूप निकलने से अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी हुई है, फिर भी ठंड का असर कम नहीं हुआ है।