Home देश-दुनिया संसद के दोनों सदनों की एक-एक दिन की बैठक बुलाई गई, 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा का सत्र

संसद के दोनों सदनों की एक-एक दिन की बैठक बुलाई गई, 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा का सत्र

परिसीमन और महिला आरक्षण बिल लाने की अटकलें तेज, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने दी जानकारी 3 दिसंबर को समाप्त हो सकती है कार्यवाही; संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए सरकार के पास लोकसभा में 41 और राज्यसभा में 11 सांसद कम 

by admin

नईदिल्ली(ए)।  केंद्र सरकार ने संसद के दोनों सदनों की एक-एक दिन की विशेष बैठक बुलाने का निर्णय लिया है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार (26 नवंबर 2026) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट कर जानकारी दी कि लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी, जबकि दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक संपन्न हो सकती है।
सियासी गलियारों में इस बात की प्रबल अटकलें हैं कि सरकार इस संक्षिप्त बैठक में परिसीमन और महिला आरक्षण कानून को लागू करने से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक पेश कर सकती है। हालांकि, सरकार की ओर से अभी तक आधिकारिक एजेंडे में इस विधेयक के शामिल होने की पुष्टि नहीं की गई है। दूसरी ओर, इस घटनाक्रम को देखते हुए शुक्रवार (27 नवंबर) दोपहर को केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई गई है, जबकि शाम 4:30 बजे सत्र की रणनीति तय करने के लिए कांग्रेस की भी अहम बैठक होगी।
सदन का अंकगणित : दो-तिहाई बहुमत के लिए लोकसभा में 41 और राज्यसभा में 11 वोट पीछे है एनडीए
संविधान संशोधन विधेयक पारित कराना बड़ी चुनौती: यदि सरकार परिसीमन से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक लाती है, तो उसे पारित कराने के लिए दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता होगी, लेकिन वर्तमान संख्याबल के हिसाब से सरकार के पास दोनों सदनों में आवश्यक सांसद कम हैं:
लोकसभा का समीकरण: लोकसभा में वर्तमान में 3 सीटें रिक्त हैं, यानी अधिकतम 540 सांसद मतदान कर सकेंगे। ऐसे में दो-तिहाई बहुमत के लिए 360 मतों की आवश्यकता होगी, जबकि एनडीए के पास फिलहाल 319 सांसद हैं— यानी सरकार बहुमत के आंकड़े से 41 वोट पीछे है।
राज्यसभा का समीकरण: राज्यसभा में कुल 243 सांसद मतदान करेंगे, जहां दो-तिहाई बहुमत के लिए 162 मतों की जरूरत होगी। एनडीए के पास उच्च सदन में 151 सांसद हैं, जिससे वह जादुई आंकड़े से 11 वोट पीछे है।
अप्रैल 2026 में 54 वोटों से गिर गया था बिल, जानें महिला आरक्षण व परिसीमन विधेयक के 5 प्रमुख बिंदु
नारी शक्ति वंदन अधिनियम (2023): संसद ने सितंबर 2023 में यह अधिनियम पारित किया था, जिसमें लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने का प्रावधान है।
परिसीमन की शर्त: सरकार ने 16 अप्रैल 2026 को कानून लागू करने की अधिसूचना जारी की थी, लेकिन प्रावधान के अनुसार महिलाओं को आरक्षण अगली जनगणना और उसके बाद होने वाले परिसीमन के पश्चात ही मिल सकता है।
2029 के चुनाव से लागू करने की मंशा: सरकार चाहती थी कि 2029 के लोकसभा चुनाव से ही महिलाओं को आरक्षण का लाभ मिले। इसके लिए सरकार ने संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, परिसीमन विधेयक और केंद्र शासित प्रदेश कानून संशोधन विधेयक 2026 पेश किए थे।
लोकसभा सीटें 816 करने का प्रस्ताव: सरकार के प्रस्ताव में लोकसभा की सीटों की संख्या 543 से बढ़ाकर 816 करने और उसके बाद लोकसभा व विधानसभाओं में 33 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित करने की बात थी।
विपक्ष के विरोध से गिरा था विधेयक: अप्रैल 2026 में इन विधेयकों पर लोकसभा में मतदान हुआ था। इन्हें पारित कराने के लिए 352 वोटों की जरूरत थी, लेकिन पक्ष में केवल 298 वोट ही पड़े थे। विपक्ष ने उत्तर भारत को फायदा और दक्षिण भारत को नुकसान होने का आरोप लगाते हुए विरोध किया था, जिससे बिल 54 वोटों से गिर गया था।
103 दिन बाद भी औपचारिक रूप से समाप्त नहीं हुआ था मानसून सत्र
2008 के बाद सबसे लंबा सत्र अंतराल: गौरतलब है कि संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई 2026 को शुरू हुआ था और 13 अगस्त को दोनों सदनों की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी। इसके 103 दिन बीत जाने के बाद भी बुधवार रात तक मानसून सत्र का औपचारिक सत्रावसान नहीं हुआ था। इससे पहले वर्ष 2008 में संसद का सत्र बिना औपचारिक समापन के 87 दिनों तक जारी रहा था।

Share with your Friends

Related Posts