भिलाई। छत्तीसगढ़ी सिनेमा प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अनुमोद फिल्म्स के बैनर तले बनी बहुप्रतीक्षित छत्तीसगढ़ी फिल्म “मोला लव होगे” 8 मई को राजधानी रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में एक साथ रिलीज होने जा रही है।
फिल्म के निर्माता-निर्देशक अनुमोद राजवैद्य ने बताया कि यह फिल्म एक अलग तरह की रोमांटिक और पारिवारिक कहानी पर आधारित है, जिसमें मनोरंजन के सभी तत्व—रोमांस, एक्शन, कॉमेडी, थ्रिल और सस्पेंस—भरपूर मात्रा में शामिल हैं। यह फिल्म खास तौर पर पारिवारिक दर्शकों को ध्यान में रखकर बनाई गई है, जिसे सभी आयु वर्ग के लोग एक साथ बैठकर देख सकते हैं।
फिल्म में कई नए कलाकारों को मौका दिया गया है। नायक के रूप में आयुष राजवैद्य नजर आएंगे, जो अपने नाटकों के माध्यम से पहले ही पहचान बना चुके हैं। वहीं नायिका के रूप में तिरांजली गोस्वामी इस फिल्म से छत्तीसगढ़ी सिनेमा में डेब्यू कर रही हैं।
इसके अलावा फिल्म में छत्तीसगढ़ के दिग्गज कलाकार करन खान, रजनीश झांझी, संजय महानंद, पुष्पेंद्र सिंह, जागेश्वरी मेश्राम और विक्रम राज भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। खास बात यह है कि पिछले 26 वर्षों में पहली बार करन खान और रजनीश झांझी एक साथ स्क्रीन शेयर करते दिखेंगे।
फिल्म की कहानी और पटकथा स्वयं अनुमोद राजवैद्य ने लिखी है। संगीत अनुग्रह मिडियज, प्रदीप साठिया और ओमकार चौहान ने दिया है, जबकि गीतों को शेख अमिन, अनुराग शर्मा, सुनील सोनी, कंचन जोशी, दीक्षा धनगर और दीपिका धनगर ने अपनी आवाज दी है। फिल्म के गीत “डॉट टयमाय मगरी”, “मोला मुम्बई घुमा दे राजा” और “नैना रे नैना” को दर्शकों से अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।
पूरी फिल्म की शूटिंग छत्तीसगढ़ की खूबसूरत लोकेशनों पर की गई है, जो दर्शकों को दृश्यात्मक रूप से आकर्षित करेगी। यह फिल्म युवाओं की कहानी को दर्शाती है, जो आधुनिक होने के बावजूद अपने परिवार और संस्कारों से गहराई से जुड़े हुए हैं।
गौरतलब है कि “बिदाई” के बाद यह अनुमोद राजवैद्य की दूसरी छत्तीसगढ़ी फिल्म है, जबकि अनुमोद फिल्म्स के बैनर तले यह पहली प्रस्तुति है। फिल्म 8 मई को प्रदेश के सभी प्रमुख सिनेमा घरों और मल्टीप्लेक्स में रिलीज होगी।